हरियाणा के रोहतक के एएसआई संदीप लाठर की पत्नी संतोष कुमारी को सरकारी नौकरी देने का वादा सरकार ने पूरा कर दिया है। सरकार की ओर से उनकी नियुक्ति का लेटर जारी कर दिया गया है। लेटर में लिखा है कि उनकी नियुक्ति पीटीजी मैथ पद पर हुई है। संतोष कुमारी को कैम्पस स्कूल, एमडीयू रोहतक में ग्रुप बी की नौकरी मिली है। इससे पहले उन्हें करीब 2 करोड़ 6 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जा चुकी है। एक जनवरी को हुई कैबिनेट मीटिंग में इसकी मंजूरी मिल चुकी थी। बता दें कि दिवंगत एएसआई संदीप लाठर ने 14 अक्टूबर को गांव लाढौत से धामड़ रोड पर अपने मामा के खेतों में बने कोठड़े की छत पर जाकर अपनी सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। सुसाइड से पहले उन्होंने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था और चार पेज का एक सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें संदीप ने आईपीएस वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। यहां देखिए लेटर की कॉपी… डेढ़ लाख रुपए तक होगी सैलरी
हरियाणा में ग्रुप बी के PGT (पोस्ट ग्रेजुएट टीचर) का वेतन सातवें वेतन आयोग के अनुसार 47,600 रुपए से 1,51,100 रुपए प्रति माह के वेतनमान में होता है, जिसमें ग्रेड पे 4800 रुपए शामिल है, साथ ही महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और अन्य भत्ते भी जुड़कर कुल इन-हैंड सैलरी मिलती है, जो लगभग 85,000 रुपए या उससे अधिक भी हो सकती है। नौकरी को लेकर कब-क्या हुआ… केंद्रीय मंत्री ने सरकारी नौकरी का किया ऐलान: ASI संदीप लाठर के सुसाइड के बाद 16 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पोस्टमॉर्टम से पहले ASI के परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने स्वयं ASI की पत्नी को नौकरी देने पर सहमति दी है। साथ ही, बच्चों की शिक्षा को लेकर भी प्रशासन से बात की गई है, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। नवंबर में लेक्चरर के पद पर नौकरी का ऑफर: केंद्रीय मंत्री के आश्वासन के बाद नवंबर महीने में संतोष देवी को लेक्चरर पद पर नौकरी देने की चर्चा हुई। ASI संदीप की पत्नी ने शिक्षक की जगह तहसीलदार की नौकरी की मांग सरकार से की। हालांकि, सरकार की ओर से इसे लेकर कोई भी आधिकारिक बयान नहीं दिया गया। दिसंबर में सरकार ने HKRN का दिया ऑफर: ASI लाठर की पत्नी की इस मांग के करीब एक महीने बाद हरियाणा सरकार की ओर से परिवार को हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के जरिए नौकरी दिए जाने का ऑफर दिया गया। हालांकि, इसे परिवार ने अस्वीकार कर दिया और सीधे तौर पर पक्की नौकरी दिए जाने की मांग की गई। 14 दिसंबर को खाप पंचायत बुलाई गई: ASI संदीप लाठर सुसाइड मामले में लाढ़ौत मोड़ स्थित फार्म हाउस पर खाप पंचायत बुलाई गई। पंचायत में सरकार के इस ऑफर पर विरोध प्रकट किया गया। इसमें तय किया गया कि खाप का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी से पंचकूला में मिलेगा। फिर भी मांग पूरी नहीं हुई तो केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मिलेंगे। खाप की मीटिंग के बाद एक्टिव हुई सरकार: खाप की मीटिंग के बाद सरकार अलर्ट हुई। इसके बाद MDU से संदीप की पत्नी की शिक्षक पद का ऑफर भेजा गया। परिवार ने सरकार के इस ऑफर को स्वीकार कर लिया है। MDU एक अधिकारी ने बताया कि संतोष देवी के टीचर के पद के लिए एकेडमिक डॉक्यूमेंट आ गए हैं, जिन्हें सरकार के पास भेजा है। संभावना है कि जनवरी के पहले हफ्ते में संतोष को नौकरी जॉइन करा दी जाए। 1 जनवरी को कैबिनेट मीटिंग में लगी मुहर: नायब सैनी सरकार की ओर से एक जनवरी को बुलाई गई कैबिनेट मीटिंग में एएसआई संदीप लाठर की पत्नी को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने पर मुहर लगाई गई। सीएम नायब सैनी ने मीटिंग के बाद खुद इसकी जानकारी मीडिया से साझा की थी। ASI ने खुद को गोली मारी थी
हरियाणा में IPS वाई पूरन कुमार के स्टाफ के खिलाफ वसूली मामले की जांच करने वाले इन्वेस्टिगेशन अफसर रहे ASI संदीप लाठर ने 14 अक्टूबर को अपने सर्विस रिवाल्वर से सुसाइड कर लिया था। पुलिस अधिकारी ने खेत में बने कमरे में खुद को गोली मारी। सुसाइड से पहले उन्होंने एक वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जिसमें दिवंगत IPS वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार और जातिवाद के आरोप लगाए गए थे। संदीप लाठर ने IPS वाई पूरन के साथ तैनात सुशील कुमार को गिरफ्तार किया था और आगे की जांच कर रहे थे।
रोहतक के दिवंगत ASI संदीप की पत्नी को मिली नौकरी:MDU में पीजीटी मैथ करेंगी जॉइन; 2 करोड़ रुपए की मिल चुकी सहायता
