हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे लग्जरी गाड़ियों में आकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मदन पुरी कॉलोनी का है, जहां ‘ब्रेजा’ कार में सवार होकर आए शातिर चोरों ने गली नंबर-6 में खड़ी एक मारुति ईको कार का साइलेंसर चंद मिनटों में चोरी कर लिया। वारदात के समय बदमाशों के हाथ में पिस्टल भी देखी गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात का तरीका: महंगी कार और हाथ में पिस्टल सुबह जब मालिक मालिक संदीप कार के पास पहुंचे तो उन्हें साइलेंसर चोरी होने की जानकारी मिली। उसने तुरंत घर के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली तो दो व्यक्ति साइलेंसर चोरी करते दिखाई दिए। इसके बाद संदीप ने न्यू कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घर के बाहर खड़ी थी संदीप ने पुलिस को बताया कि उनकी कार घर के बाहर पार्क थी और रात में यह वारदात अंजाम दी गई। चोरों ने इतनी सफाई से काम किया कि किसी को शक भी नहीं हुआ। रात को गहरी नींद में होने कारण उन्हें कोई आवाज भी नहीं सुनाई दी। सीसीटीवी में नंबर प्लेट दिख रही सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक आरोपी के हाथ में पिस्टल थी। चोरों ने मात्र 4-5 मिनट में कार के नीचे से साइलेंसर उतारा और तेजी से मौके से फरार हो गए। फुटेज में ब्रेजा कार की नंबर प्लेट और चोरों की हरकतें स्पष्ट दिख रही हैं। लगातार हो रहे साइलेंसर चोरी शहर में पिछले कुछ महीनों से साइलेंसर चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन इस बार सीसीटीवी से चोरों की पहचान आसान होने की उम्मीद है। इससे पहले सुशांत लोक, सेक्टर-14, सेक्टर-56 और अन्य आवासीय क्षेत्रों में भी इसी तरह की वारदातें रिपोर्ट हुई हैं। चोर आमतौर पर रात के समय सक्रिय होते हैं और महंगे वाहनों को निशाना बनाते हैं, क्योंकि इनके साइलेंसर की कीमत बाजार में 8,000 से 20,000 रुपए तक होती है। इलाके में गश्त बढ़ाई पुलिस ने निवासियों से अपील की है कि वे अपनी कारों को सुरक्षित जगह पर पार्क करें, सीसीटीवी लगवाएं और रात में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
गुरुग्राम में पिस्तौल लहराकर उतारा इको का साइलेंसर:ब्रेजा कार में आए थे चोर; मालिक को सुबह उठने पर चला पता, CCTV में दिखे
