पलवल शहर की अनाज मंडी में रविवार को आयोजित नव वर्ष मिलन समारोह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गुटबाजी खुलकर सामने आई। इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। अपने संबोधन के दौरान, केंद्रीय राज्यमंत्री गुर्जर ने शायरी के माध्यम से बिना नाम लिए कई लोगों पर कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का एजेंडा ही कृष्णपाल है। गुर्जर ने आगे टिप्पणी की कि कुछ लोग नरम मिजाज रखते हैं, जबकि कुछ का लहजा बताता है कि दौलत नई-नई है। इसके अलावा पोस्टरों से फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के तीनों मंत्रियों व जिलाध्यक्ष का फोटो गायब दिखाई दिया। जनता के विश्वास से ही तीसरी बार भाजपा सरकार बनी गुर्जर ने उपस्थित लोगों और उनके परिवारों को नव वर्ष, लोहड़ी और मकर संक्रांति की बधाई दी। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नए भारत’ की बदलती तस्वीर पर चर्चा की। उन्होंने दावा किया कि जनता के अटूट विश्वास के कारण ही केंद्र और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सराहना की। गुर्जर ने कहा कि इन नेताओं ने जनता के विश्वास को परिणामों में बदला है, जिससे विकास तीव्र गति से जारी है। उन्होंने ‘नए भारत’ और ‘नए हरियाणा’ को विकास के नए आयाम लिखने वाला बताया। सरकार का लक्ष्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का कल्याण करना है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कोरोना काल, यूक्रेन युद्ध और अन्य संकटों के समय मोदी के नेतृत्व में देश के नागरिकों की रक्षा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले रेल चलती थी, अब दौड़ती है। लाल चौक पर तिरंगा फहराने की बात भी नहीं होती थी, जबकि अब स्थायी तौर पर तिरंगा स्थापित किया गया है। उन्होंने पत्थरबाजों पर नकेल कसने, आतंकवादियों को घर में घुसकर मारने और नक्सलवाद को 125 जिलों से घटाकर मात्र 10 जिलों तक सीमित करने का भी जिक्र किया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने रैली में छोड़े शायरी के तीर केंद्रीय राज्य मंत्री ने शायरी सुनाते हुए कहा कि पेड़ ने हवाओं से कहा कि तू रोज गिराती है पत्ते मेरे, फिर भी कुछ बात तो है तुमसे टूटते नहीं हैं रिश्ते मेरे। सांस शरीर को चलाती हैं, विश्वास संबंधों को चलाते हैं। इसलिए रिश्तों में गर्माहट बनाए रखिए, मौसम तो अभी और भी सर्द आने हैं। उन्होंने समर्थकों से कहा कि यदि कोई उनके लिए दरवाजा बंद कर दे तो उन्हें भी ये एहसास जरूर कराएं कि दरवाजा बाहर से भी बंद हो सकता है। होर्डिंग में तीनों मंत्रियों व जिलाध्यक्ष का फोटो गायब रविवार को अनाज मंडी में आयोजित हुई इस रैली से पहले ही पार्टी में गुटबाजी की चर्चाओं रैली के लिए लगे होर्डिंग ने साफ कर दी थी। रैली के पोस्टरों से फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के तीनों मंत्रियों व जिलाध्यक्ष का फोटो गायब दिखाई दिया। रैली के मुख्य मंच पर लगे बड़े पोस्टर में भी ये सभी गायब नजर आए। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि उन्हें व मंत्रियों को रैली का निमंत्रण ही नहीं मिला। जिसके चलते स्थानीय विधायक व खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम व जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला ने रैली से दूरी बनाए रखी। रैली में कौन-कौन रहे मौजूद रैली में कृष्णपाल गुर्जर ने बड़खल से विधायक धनेश अदलखा, फरीदाबाद एनआईटी से विधायक सतीश फागना, बल्लभगढ़ से विधायक मूलचंद शर्मा, होडल से विधायक हरेंद्र रामरतन, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, पूर्व विधायक दीपक मंगला, पूर्व विधायक प्रवीण डागर, रामरतन व केहर सिंह रावत मौजूद रहे।
पलवल में नववर्ष मिलन समारोह में भाजपा में गुटबाजी:पोस्टरों से तीनों मंत्रियों की फोटो गायब; मंत्री गुर्जर ने शायरी से विरोधियों पर साधा निशाना
