पानीपत के सिवाह गांव के पास एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। गांव सिवाह के पास हरियाणा रोडवेज की एक तेज रफ्तार बस ने ड्यूटी से घर लौट रही महिला को सीधी टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बस का टायर महिला के शरीर के ऊपर से निकल गया। महिला ने इलाज के दौरान रोहतक पीजीआई (PGI) में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यहां पढ़िए, महिला के पति ने क्या बताया… करनाल डिपो की है बस
सुनीता गाबा इंटरनेशनल कंपनी में कार्यरत थी। 16 जनवरी शुक्रवार शाम करीब 6 बजे जब वह अपनी शिफ्ट खत्म कर पैदल घर लौट रही थी, तभी नए बस स्टैंड सिवाह के पास पुल के नीचे यह हादसा हुआ। पानीपत की तरफ से आ रही करनाल डिपो की हरियाणा रोडवेज बस (नंबर HR45GV4471) के चालक ने लापरवाही और तेज गति से गाड़ी चलाते हुए सुनीता को अपनी चपेट में ले लिया। मामा ने राहगीरों की मदद से पहुंचाया था अस्पताल
घटना के वक्त मृतका के मामा चांद मौके के पास ही मौजूद थे। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुनीता सड़क पर गिर गई और बस का पिछला टायर उनके ऊपर से उतर गया। चांद ने अन्य राहगीरों की मदद से तुरंत घायल सुनीता को पार्क अस्पताल पहुंचाया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। शनिवार को पीजीआई में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की कार्रवाई
मृतका के पति सूरज ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोपी बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बस नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पानीपत में रोडवेज बस ने महिला कर्मचारी को कुचला:घर लौटते समय शरीर पर से निकला पहिया; रोहतक PGI में हुई मौत
