सोनीपत जिले के बहालगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। 16 जनवरी को गांव जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रही युवती को गांव के ही तीन युवकों ने कार में लिफ्ट दी थी। आरोप है कि युवकों ने उसे जबरन शराब पिलाई और फिर सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को दी शिकायत में 18 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि वह 16 जनवरी को सोनीपत के आईटीआई चौक पर खड़ी थी। इसी दौरान गांव के सुमित, नीरज और मोहित कार में आए और उसे घर छोड़ने की बात कहकर लिफ्ट दी। परिचित होने के कारण युवती उनके साथ कार में बैठ गई। युवती को गांव के पास छोड़कर भागे बहालगढ़ से खेवड़ा की ओर जाते समय आरोपियों ने रास्ते में शराब खरीदी। आरोप है कि खेवड़ा के पास एक सुनसान स्थान पर कार ले जाकर उन्होंने युवती को जबरन शराब पिलाई। इसके बाद तीनों युवकों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक रेप किया। वारदात के बाद आरोपी युवती को गांव के पास छोड़कर फरार हो गए। युवती ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद बहालगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर गैंगरेप सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दो आरोपी नीरज और मोहित अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और उसके बयान कोर्ट में दर्ज करवाए गए हैं। बहालगढ़ की एसीपी निधि नैन ने बताया कि युवती ने जबरन शराब पिलाकर गैंगरेप की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने पुष्टि की कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य दो की तलाश जारी है।
सोनीपत में लिफ्ट देकर युवती से गैंगरेप:तीन युवकों ने शराब पिलाकर की वारदात; एक गिरफ्तार, दो फरार
