कुरुक्षेत्र में टैक्सी ड्राइवर की एक्सीडेंट में मौत:कार ने मारी टक्कर, बाथरूम करने गाड़ी से उतरा, घर के सामने हादसा

Spread the love

कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद में हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े टैक्सी ड्राइवर को जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल पहुंचते हुए ड्राइवर ने दम तोड़ दिया। घटना रात करीब 9 बजे हुई। ड्राइवर अपने घर की तरफ जाने वाली गली में खड़ा था। मृतक की पहचान 32 साल के नितिन बतरा निवासी अजरावर के रूप में हुई। नितिन टैक्सी ड्राइवर था। करीब 4 साल पहले नितिन की शादी हुई थी। नितिन अपने चचेरे भाई के साथ अंबाला से काम निपटाकर घर लौट रहा था। नितिन कार रोककर बाथरूम करने के लिए नीचे उतरा था। गांव में रोकी कार अनिल बतरा निवासी अजरावर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह 16 जनवरी की रात अपने बड़े भाई सुरेंद्र कुमार और चाचा के बेटे नितिन बतरा के साथ अपनी कार में अंबाला गए थे। वापसी में करीब रात 9 बजे वे गांव अजरावर में अपने घर की गली के पास पहुंचे। यहां नितिन ने कार को सड़क किनारे कच्ची जगह में रोक लिया। नितिन कार से उतरकर पीछे की ओर बाथरूम करने के लिए चला गया। कार ने मारी टक्कर इस दौरान वे दोनों भी कार से नीचे उतर गए। इसी बीच अंबाला की तरफ से तेज रफ्तार में आई सफेद रंग की स्विफ्ट कार (HR41-G-2964) ने उसके चचेरे भाई नितिन बतरा को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर गिरते उसके सिर, मुंह और नाक से खून बहने लगा। प्राइवेट अस्पताल से रेफर घटना के समय गांव का ही आशु खुराना अपनी कार से वहां पहुंचा। उन्होंने तुरंत नितिन को संभाला और आशु की कार से इस्माइलाबाद के प्राइवेट अस्पताल ले गए। यहां से डॉक्टरों ने नितिन की हालत गंभीर बताते हुए उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। बीच रास्ते में तोड़ा दम इसके बाद वे नितिन को शाहाबाद के आदेश अस्पातल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नितिन को मृत घोषित कर दिया। एक्सीडेंट के बाद आरोपी ड्राइवर कार समेत फरार हो गया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर केस दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।