नूंह में बच्चों के खेल पर झगड़ा, जमकर पथराव,VIDEO:झड़प में 5 व्यक्ति घायल, 2 की हालत गंभीर; एक बच्चे को टायर लगने से भड़के

Spread the love

नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के गांव पाठखोरी में शुक्रवार देर शाम बच्चों के खेलने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद जल्द ही पथराव और मारपीट में बदल गया। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दरअसल गांव में कुछ बच्चे अपने घर के बाहर मोटरसाइकिल के टायर से खेल रहे थे। खेलते समय टायर दूसरे पक्ष के एक बच्चे को लग गया। इसी मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों से लोग घायल आरोप है कि एक पक्ष ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिसके जवाब में दूसरे पक्ष के लोग भी आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए, जिससे गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना फिरोजपुर झिरका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और गांव में शांति व्यवस्था बहाल की। गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई इस संबंध में सदर थाना फिरोजपुर झिरका के प्रभारी सुभाष ने बताया कि फिलहाल गांव में पूरी तरह से शांति है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर पुलिस द्वारा मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।