हरियाणा में पहाड़ों की ठंड मैदानों में उतर आई है। बर्फीली हवाओं के कारण तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। बुधवार हिसार का तापमान सबसे कम 0.5 डिग्री दर्ज किया गया। 10 सालों में पांचवीं बार ऐसा हुआ है, जब न्यूनतम तापमान हिसार में 0.5 डिग्री से नीचे गया है। हिसार में न्यूनतम तापमान पिछले दो साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 2025 में 15 जनवरी को तापमान 3.5 डिग्री, 2024 में 16 दिसंबर को 1.1 डिग्री दर्ज किया था। वहीं हाड़ कंपकंपा देने वाली सर्दी में 8 जिलों में तापमान 6 से 8 डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में सर्दी और कोहरे को देखते हुए ओरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात (नूंह) शामिल हैं। इन जिलों में सुबह के समय बहुत घना कोहरा और शीतलहर का असर रहने की संभावना है। वहीं यलो अलर्ट पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी जिलों में जारी किया गया है, जिनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ शामिल हैं। यहां भी घना कोहरा छाए रहने और ठंड का असर बने रहने के आसार हैं। हरियाणा के इन जिलों में सीवियर कोल्ड डे
हरियाणा के अंबाला, हिसार, करनाल, जींद, कैथल, पानीपत, सोनीपत सीवियर कोल्ड डे जैसी स्थिति रही। अंबाला में तापमान -8.8 डिग्री तक गिर गया। वहीं हिसार में -6.3 डिग्री, करनाल में -7.9 डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में 2 दिनों तक मौसम इसी प्रकार रह सकता है। हरियाणा के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। आगे कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के अनुसार 16 और 17 जनवरी को भी कई जिलों में कोहरे का असर जारी रहेगा, हालांकि 16 जनवरी से कुछ इलाकों में स्थिति थोड़ी बेहतर हो सकती है। 18 जनवरी तक ठंड का असर बना रहने की संभावना है, लेकिन धीरे-धीरे कोहरे की तीव्रता में कमी आ सकती है। वहीं 19 जनवरी के बाद अधिकतर स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। दिन का तापमान 8.8 डिग्री तक गिरा
राज्य में न्यूनतम तापमान औसत से करीब 3 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। सबसे कम न्यूनतम तापमान हिसार में 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान भी सामान्य से काफी नीचे रहा। अंबाला में अधिकतम तापमान सबसे कम 9.0 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब 8.8 डिग्री कम रहा। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पलवल में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कई जिलों में दिन का तापमान 10 से 15 डिग्री के बीच रहा।
हरियाणा में शून्य के करीब पहुंचा पारा:8 जिलों में 6 से 8 डिग्री तक गिरा तापमान; 13 शहरों में कोहरे का ओरेंज अलर्ट
