कुरुक्षेत्र के सन्निहित सरोवर में एक युवक का कटा हुआ सिर उतारता हुआ मिला है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ के बीच यह खौफनाक दृश्य सामने आया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पता चलते ही सीआईए-2 प्रभारी मोहनलाल और कृष्णा गेट थाना प्रभारी बलजीत सिंह की टीम पहुंची। आशंका है कि यह सिर कुछ रोज पहले केशव पार्क में मिले मृतक युवक का हो सकता है। घटना मंगलवार दोपहर की है। सन्निहित सरोवर पर साफ-सफाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान एक महिला सफाई कर्मचारी को पानी में कुछ उतराता हुआ नजर आया। पहले तो वह उसने उसे नारियल समझा, लेकिन जब नजदीक जाकर देखा तो वह किसी युवक का कटा हुआ सिर था। पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर घटना की जानकारी मिलते ही सीआईए-2 प्रभारी मोहनलाल और कृष्णा गेट थाना प्रभारी बलजीत सिंह अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सिर को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। गर्दन को वैज्ञानिक जांच के लिए भेज दिया गया है। केशव पार्क मर्डर मिस्ट्री से जुड़ने की आशंका पुलिस को आशंका है कि सन्निहित सरोवर में मिला यह सिर 30 दिसंबर को केशव पार्क में मिले सिर कटे शव का ही हिस्सा हो सकता है। उस दिन पार्क से एक युवक का सिर्फ धड़ बरामद हुआ था, जबकि सिर गायब था। हत्यारे गर्दन काटकर साथ ले गए थे। रेलवे रोड पर मिली थी कृत्रिम टांग जांच में सामने आया था कि मृतक दिव्यांग था। उसकी कृत्रिम टांग रेलवे रोड पर मिली थी, जिससे अंदाजा लगाया गया कि सिर की तलाश भी उसी दिशा में की जा रही है। केशव पार्क में ही हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी, क्योंकि मौके से खाली सिरिंज और खून से सना नया चाकू भी बरामद हुआ था। पहचान बनी सबसे बड़ी चुनौती सिर न मिलने के कारण मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई, जिससे जांच भी आगे नहीं बढ़ पा रही। अब सन्निहित सरोवर से सिर मिलने के बाद पुलिस को बड़ी उम्मीद है। पुलिस ने बताया कि डीएनए सैंपल लेकर सिर का मिलान पिछले सप्ताह केशव पार्क में मिले धड़ से कराया जाएगा। जयपुर तक गई थी पुलिस टीम दिव्यांग की पहचान के लिए पुलिस की एक टीम कृत्रिम टांग के आधार पर राजस्थान के जयपुर तक पहुंची थी। वहां दिव्यांगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने वाली संस्था के पदाधिकारियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। संस्था के अनुसार, वह हरियाणा के हजारों दिव्यांगों को कृत्रिम टांग लगा चुकी है, जिससे पहचान और मुश्किल हो गई। ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझने की उम्मीद फिलहाल यह मामला ब्लाइंड मर्डर बना हुआ है। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग एंगल से जांच में जुटी हैं। सन्निहित सरोवर से मिले सिर के डीएनए मिलान के बाद इस नृशंस हत्या की गुत्थी सुलझने की उम्मीद जताई जा रही है।
कुरुक्षेत्र के सरोवर में युवक का कटा सिर मिला:महिला सफाईकर्मी ने देखा; केशव पार्क में मिली थी बिना सिर की डेडबॉडी
