रोहतक में सरसों की पकी फसल पर चलाया ट्रैक्टर:रंजिश में गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी; पहले भी कर चुके नुकसान

Spread the love

रोहतक के गांव रूड़की में रंजिशन एक व्यक्ति के खेत में सरसों की पकी हुई फसल को आरोपियों ने ट्रैक्टर से जुताई कर नष्ट कर दिया। पीड़ित परिवार ने मामले में आरोपियों के खिलाफ आईएमटी थाना में शिकायत दी। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। गांव रूड़की निवासी प्रियंका पत्नी समुंदर सिंह ने बताया कि सरकार की पीएम कुसुम योजना के तहत 3 किलोवाट का ट्यूबवेल कनेक्शन खेत में लगा रखा है और करीब सवा एकड़ में सरसों की फसल लगा रखी है, जो पकने के लिए तैयार थी। लेकिन गांव के ही रहने वाले रोहित पुत्र धर्मबीर व उसकी मां राजबाला ने रंजिशन सरसों की फसल पर ट्रैक्टर से जुताई करके फसल को नष्ट कर दिया। प्रियंका ने बताया कि आरोपी रोहित व उसकी मां राजबाला ने उनके साथ गाली गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी है। जिसके कारण परिवार के लोग डरे हुए है। इस मामल में आईएमटी थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी गई है। पहले भी धान की फसल कर चुके नष्ट
प्रियंका ने बताया कि आरोपी रोहित व राजबाला ने पहले भी धान की खेत में खड़ी फसल को नष्ट कर दिया था और उन्हें मारने की धमकी दी थी। कई बार परिवार के लोगों को खेत में जाने से रोककर गाली गलौच व धमकी दे चुके है। इस बारे में पहले भी पुलिस को शिकायत दी, लेकिन कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। सिविल मामला कहकर पुलिस झाड़ लेती है पल्ला
प्रियंका ने बताया कि खेत में खड़ी फसल को नष्ट करने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। वहीं, पुलिस इस मामले को सिविल मामला बताकर अपना पल्ला झाड़ लेती है। जबकि किसी की फसल नष्ट करना व रास्ता रोक कर धमकी देना व जान से मारने की बात करना कानूनी अपराध है। इस मामले में एसपी को भी शिकायत दी गई है। पुलिस पर लगाया आरोपियों से मिलीभगत का आरोप
प्रियंका ने बताया कि आरोपी दो बार उनकी फसल को नष्ट कर चुके है लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। पुलिस व आरोपियों की मिलीभगत के कारण आरोपियों की हिम्मत बढ़ी हुई है। पुलिस उनकी बात भी नहीं सुन रही। ऐसे में आम आदमी अपनी शिकायत किससे करे। पुलिस मामले में कर रही जांच
आईएमटी थाना एसएचओ बिजेंद्र सिंह ने कहा कि गांव रूड़की निवासी प्रियंका की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मौके का निरीक्षण करेगी और जल्द ही आरोपियों को काबू करके पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले में जांच कर रही है।