तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) चीफ और एक्टर विजय मंगलवार को काली रेंज रोवर कार से दिल्ली के ताज महल होटल से बाहर निकले। उनके वापस तमिलनाडु जाने की संभावना है। विजय सोमवार को करूर भगदड़ मामले की जांच के सिलसिले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के सामने पेश हुए थे। CBI ने उनसे 6 घंटे पूछताछ की थी। विजय सुबह 11.29 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच CBI हेडकॉर्टर पहुंचे थे। फिर शाम को लगभग 6.15 बजे बाहर निकले। CBI सूत्रों के मुताबिक, उनसे आगे की पूछताछ के लिए बाद में फिर बुलाया जाएगा। आज की बाकी बड़ी खबरें… तमिलनाडु में देसी बम निगलने से हाथी के बच्चे की मौत, किसान गिरफ्तार तमिलनाडु के इरोड जिले स्थित सत्यमंगलम टाइगर रिजर्व में हाथी के दो साल के बच्चे की मौत हो गई। वन विभाग के मुताबिक, हाथी के बच्चे ने देसी बम निगल लिया था, जिससे उसकी जान चली गई। मामले में एक स्थानीय किसान को गिरफ्तार किया गया है। वन अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले गुथियालाथुर रिजर्व फॉरेस्ट में गश्त के दौरान हाथी के बच्चे का शव मिला था। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग के पशु चिकित्सक को दी गई। जांच के दौरान हाथी की सूंड और मुंह में खून के निशान पाए गए। वन विभाग के पशु चिकित्सक ने पोस्टमॉर्टम के बाद बताया कि हाथी के बच्चे की मौत देसी बम खाने की वजह से हुई। अधिकारियों का कहना है कि यह बम हाथियों को खेतों में घुसने से रोकने के लिए रखा गया होगा। जांच के बाद वन विभाग ने कलिमुथु (43) नाम के किसान को गिरफ्तार किया है। किसान इसी इलाके का रहने वाला है। अधिकारियों ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद हाथी के बच्चे के शव को उसी क्षेत्र में दफना दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है। पुडुचेरी में चलती बस में आग लगी, 20 यात्री सवार थे; ऑटो ड्राइवर ने समय रहते अलर्ट किया, जिससे जान बची पुडुचेरी के मुदलियारपेट 100 फीट रोड फ्लाईओवर पर सोमवार रात PKT ट्रैवल्स की एक चलती बस में आग लग गई। बस में सवार 20 यात्री सवार थे। सामने से आ रहे एक ऑटो ड्राइवर ने बस से धुआं उठता देखा। उसने समय रहते बस ड्राइवर को अलर्ट किया। तब तक बस के पिछले हिस्से में आग लग चुकी थी। ड्राइवर ने बस रोकी, तब तक यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री घबरा गए और खिड़की का शीशा तोड़कर छलांग लगा दी। वहीं, अन्य यात्री गेट से बस से बाहर निकल आए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने से बस पूरी तरह जल गई और यात्रियों का सामान जल गया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह इंजन में खराबी मानी जा रही है। दिल्ली में कार डिवाइडर से टकराई, युवक की मौत; 5 घायल दिल्ली में सोमवार देर रात 2.30 बजे बारापुला फ्लाईओवर के आखिर में सराय काले खां की तरफ जाने वाली रिंग रोड पर कार का एक्सीडेंट हुआ। घटना में युवक हर्ष (26) की मौत हो गई। पुलिस न ेबताया कि कार सवार अन्य 5 घायल हुए हैं। कार हर्ष ही चला रहा था। कार रिंग रोड की तरफ डिवाइडर से टकराई थी। संसद में 22 भाषाओं में मिलेंगे सर्कुलर, बजट सत्र में 10 भाषाओं में यह सुविधा; ट्रांसलेशन की परेशानी खत्म संसद में चर्चा के दौरान 22 भाषाओं में त्वरित अनुवाद की सुविधा उपलब्ध कराने के बाद अब परिपत्र भी सभी 22 भाषाओं में सांसदों को मिला करेगा। वे लिखित रूप से अपनी स्थानीय भाषा में सवाल पूछ सकेंगे और विधेयक से लेकर संसदीय समिति की रिपोर्ट भी उन्हें स्थानीय भाषाओं में ही मिलने लगेगी। इससे ट्रांसलेशन में होने वाली दिक्कत और गफलत से सांसद बच सकेंगे। IIT मद्रास की नई तकनीक- तोपों की रेंज 50% बढ़ेगी आईआईटी मद्रास ने रैम जेट तकनीक से लैस 155 मिमी आर्टिलरी शेल बनाए हैं। इससे तोपों की मारक दूरी 50% यानी डेढ़ गुना तक बढ़ जाएगी। रैम जेट एक ऐसा इंजन है, जो हवा को संपीड़ित कर ईंधन से शक्ति पैदा करता है और गोले को लगातार आगे बढ़ाता है। ममता का CEC को 5वां लेटर, लिखा- अब तक 77 की मौत, एआई से हुई गड़बड़ियां पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पांचवां पत्र लिखा। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई टूल्स से 2002 की वोटर लिस्ट को डिजिटाइज करते समय बड़ी गलतियां हुईं। इसके चलते असली वोटरों को ‘लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी’ की श्रेणी में डाल दिया गया है। मुख्यमंत्री ममत बनर्जी ने एसआईआर प्रक्रिया की वजह से 77 लोगों की मौत का आरोप भी लगाया है।
भास्कर अपडेट्स:TVK चीफ विजय दिल्ली के ताज महल होटल से बाहर निकले, CBI ने कल करूर भगदड़ मामले में 6 घंटे पूछताछ की थी
