कानपुर में दुर्गा मंदिर के पास खेत में करीब 100 गोवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। इसका पता चलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। सड़क किनारे खड़ी कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ भी कर दी, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हंगामा बढ़ते देख 5 थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। मगर हंगामा शांत नहीं हुआ। कार्यकर्ताओं ने खेत मालिक पर गोकशी कराने का आरोप लगाया। पुलिस जांच में कब्रिस्तान की चाहर दीवारी से सटे एक खेत में टीन का घेरा बनाकर अवैध रूप से मवेशियों के अवशेष छिपा कर रखे गए थे। JCP ने इंस्पेक्टर समेत चार को सस्पेंड कर दिया। मामला बिल्हौर थाना क्षेत्र का है। विस्तार से पढ़िए पूरी खबर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया
सोमवार शाम को बिल्हौर में गौरी-कुटरा मार्ग पर दुर्गा मंदिर से करीब 300 मीटर दूर खेत में गोवंश के मांस, खाल और हड्डियों के टुकड़े मिले। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। इसके बाद विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अपने सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक स्थल के समीप इस तरह की गतिविधि एक गंभीर विषय है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से इस मामले में स्पष्ट जवाब और संतोषजनक समाधान की मांग की। बढ़ती भीड़ और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए 5 थानों की पुलिस टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। इलाके में शांति और नियंत्रण बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया है। सूचना पर एसडीएम संजीव कुमार दीक्षित, एसीपी मंजय सिंह समेत आसपास थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम ने पशु चिकित्सक को बुलाकर अवशेषों का पोस्टमॉर्टम शुरू कराया। पुलिस ने कथित गोदाम को सील कर दिया। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने लोगों को शांत कराया स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गुस्साए कार्यकर्ताओं को समझा कर शांत कराया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यकर्ताओं ने खेत मालिक राजबाबू और कस्बा निवासी रहमान पर गोकशी कराने का आरोप लगाया। पुलिस जांच में कब्रिस्तान की चाहर दीवारी से सटे राजबाबू के खेत में टीन का घेरा बनाकर अवैध रूप से मवेशियों के अवशेष छिपे मिले। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया और दोषियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। पीएसी तैनात की गई, चार सस्पेंड
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज, कस्बा प्रभारी प्रेमवीर सिंह, हलका प्रभारी आफताब आलम और हेड कॉन्स्टेबल दिलीप गंगवार को निलंबित कर दिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश में कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों की तलाश में कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। तनाव को देखते हुए कस्बे में पीएसी की तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि दोषी चाहे जो भी हों, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। चेयरमैन और पूर्व चेयरमैन सहित 10 पर मुकदमा दर्ज
सब इंस्पेक्टर शुभम जायसवाल की तहरीर पर बिल्हौर नगरपालिका के चेयरमैन इकलाख खां, पूर्व चेयरमैन शादाब खां, अच्छू खां, रहमान कुरैशी, नासिर, कादिर, लालाबाबू, राजबाबू, सलमान कुरैशी, रिजवान और 20 से 25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया। सभी पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। पुलिस की मिलीभगत हो रहा था गोमांस का व्यापार
भाजपा विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने कहा- भारी मात्रा में मिले अवशेषों को देखकर पता चलता है कि काफी समय से गोमांस का व्यापार किया जा रहा था। इस व्यापार और घटना में जनता-प्रशासन के बीच के जो भी लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई को लेकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के द्वारा थाने का घेराव किया गया है। घटना से जुड़े लोगों पर 48 घंटे में कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा- सीधे तौर पर कुछ पुलिस कर्मियों की मिलीभगत से यह व्यापार संचालित हो रहा था। —————————- ये खबर भी पढ़िए- झांसी के युवक की MP में गोली मारकर हत्या: प्रधान पति फॉर्च्यूनर में बैठाकर ले गया था, पार्टी के दौरान हाथ और सीने में गोली मारी झांसी के युवक की मध्य प्रदेश में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गांव का प्रधान पति युवक का दोस्त था। प्रधान उसे घर से अपनी फॉर्च्यूनर में बैठाकर एमपी एक पार्टी में ले गया था। शराब पार्टी के दौरान किसी ने युवक की हथेली और सीने में गोली मार दी। इसके बाद पार्टी में हड़कंप मच गया। जिसके बाद घायल को झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। पढ़ें पूरी खबर…
कानपुर में दुर्गा मंदिर के पास गोवंश के मांस-हडि्डयां मिलीं:इंस्पेक्टर समेत 4 सस्पेंड, विश्व हिंदू परिषद का हंगामा; भारी फोर्स तैनात
