कैथल जिले के गांव शेरगढ़ के रहने वाले 27 वर्षीय टिंकू की अमेरिका में मौत होने के बाद सोमवार को 16 दिन बाद युवक का शव गांव में पहुंचा। शाम को युवक का अंतिम संस्कार किया गया। टिंकू के अंतिम संस्कार में भारी संख्या में गांव के लोगों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोग शामिल हुए। बता दें कि 27 वर्षीय टिंकू की 28 दिसंबर को सड़क हादसे में कैलिफोर्निया अमेरिका में मौत हो चुकी है। मृतक टिंकू के चाचा ओमप्रकाश ने बताया कि करीब दो साल पहले ही अमेरिका गया था। ओम प्रकाश ने बताया कि परिवार ने जैसे तैसे करीब 40 लाख रुपए लगाकर इस उम्मीद से उसे अमेरिका भेजा था। उम्मीद थी कि उसकी कमाई से परिवार की स्थिति सुधरेगी, लेकिन उसकी मौत के बाद और ज्यादा आघात पहुंचा है। अब शव को लाने के लिए भी करीब इतनी ही राशि खर्च करनी पड़ी। अमेरिका में चलाता था ट्रक चाचा ओमप्रकाश ने बताया कि टिंकू अमेरिका में ट्रक चलाने का काम करता था। 28 दिसंबर को ट्रक की किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई थी, जिसमें युवक की मौत हो गई थी। युवक डोंकी के रास्ते अमेरिका गया था। वह घर में अकेला ही कमाने वाला था। युवक अविवाहित था और वे दो भाई हैं। दूसरा भाई गांव में ही रहता है। हादसे को लेकर परिवार में गमगीन माहौल है। माता पिता की पहले मौत हो चुकी है। गांव में पसरा मातम युवक के शव को भारत लाने के लिए लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर भी अपील की गई। अमेरिका की एक संस्था से भी सहयोग लिया गया है। युवक के संस्कार के दौरान गांव में मातम का माहौल रहा। गांव के लोगों ने युवक को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
कैथल में 16 दिन बाद पहुंचा युवक का शव:अमेरिका में हुए सड़क हादसे में मौत, कैलिफोर्निया में ट्रक चलाता था
