हरियाणा के नूंह में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के कार्यक्रम में डांसर बुलाई गईं। यहां डांसर ने मंच से जमकर ठुमके लगाए। मंत्री महिपाल ढांडा को पिनगवां खंड के हिगनपुर गांव के राजकीय स्कूल में पहुंचना था। यहां उन्हें 1.37 करोड़ रुपए की लागत से बने स्कूल का उद्घाटन करना था। मंत्री के आने से पहले मंच पर जमकर अश्लील डांस हुआ। आरोप है कि वार्ड नंबर 25 से जिला पार्षद तौफिक हिंगनपुर ने भीड़ जुटाने के लिए यहां मेवाती डांसर बुलाईं। इसके कई वीडियो भी सामने आए हैं। जैसे ही इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और लोगों ने आपत्ति जताई तो डांस प्रोग्राम रोक दिया गया। देर शाम ढांडा हिगनपुर गांव पहुंचे और स्कूल का उद्घाटन किया। हालांकि इस डांस को लेकर पार्षद और मंत्री का कोई बयान सामने नहीं आया। कार्यक्रम में मंत्री महिपाल ढांडा की अहम बातें… शहीद के नाम पर रखा जाएगा नाम
स्कूल उद्घाटन कार्यक्रम के बाद, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा, “उपायुक्त को इस स्कूल का नाम एक शहीद के नाम पर रखने के लिए कहा गया है। आज हरियाणा भारत का पहला राज्य है जिसने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की है। सरकार इस बात पर काम कर रही है कि बच्चे कैसे आत्मनिर्भर बन सकते हैं और उनके कौशल को कैसे निखारा जा सकता है।” पंचकूला में बिजनेस चैलेंज शुरू किया
उन्होंने कहा, “हाल ही में हमने पंचकूला में ‘कुशल बिजनेस चैलेंज’ शुरू किया। 9वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के बिजनेस विचारों को सुनकर आप चकित रह जाएंगे। उन्होंने तेल, साबुन और सूट डिजाइन किए। उन्होंने अपनी मार्केटिंग रणनीतियों को भी समझाया, अपने उत्पादों को बेचने के लिए सोशल मीडिया पर रील बनाई। ये छोटे बच्चे पहले से ही व्यवसाय में लगे हुए हैं। हमने उनके काम की समीक्षा करने के लिए प्रत्येक स्टॉल का दौरा किया।” 1 अप्रैल तक टीचरों के ट्रांसफर होंगे
ढांडा ने कहा, “1 अप्रैल तक सभी स्कूलों में टीचर उपलब्ध हो जाएंगे। ट्रांसफर ड्राइव 31 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभाग को सख्त आदेश जारी किए हैं कि जिन लोगों का 20 वर्षों में ट्रांसफर नहीं हुआ है, उनका ट्रांसफर किया जाए।” नूंह में नकल पर सख्ती हुई
उन्होंने आगे कहा, “जब मैं मंत्री बना, तो मुझे नूंह में बोर्ड परीक्षाओं में नकल होने की खबरें मिलीं। हमने प्रशासन को काफी सख्त किया। मैंने उन्हें निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित करें कि हमारे बच्चे नकल करके पास न हों और जो लोग इसमें मदद कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कुछ परीक्षाओं के बाद, ऐसे मामले सामने आने बंद हो गए। पुलिस और प्रशासन ने इसका सख्ती से पालन किया।”
हरियाणा में मंत्री के कार्यक्रम में अश्लील डांस,VIDEO:स्कूल उद्घाटन कार्यक्रम में डांसर बुलाई, ढांडा के आने से पहले भीड़ जुटाई
