झज्जर जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में गुरुग्राम जिले के एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय बिजेंद्र पुत्र गजराज निवासी गांव जटौला जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि बिजेंद्र की शादी महज एक महीने पहले ही हुई थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार बिजेंद्र रविवार सुबह अपने घर से बाइक पर सवार होकर झज्जर जिले के लुहारी स्थित महिंद्रा मंत्रा सूटकेस कंपनी में ड्यूटी के लिए निकला था। जब वह कंपनी से करीब 100 मीटर की दूरी पर पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रोजाना बाइक से डयूटी जाता था बिजेंद्र पिछले करीब एक साल से महिंद्रा मंत्रा सूटकेस कंपनी में कार्यरत था और रोजाना बाइक से ही ड्यूटी पर आता-जाता था। मृतक के बड़े भाई मनीष के अनुसार उसके पिता का साया बचपन में ही सिर से उठ गया था। उसके पिता की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने मृतक के भाई मनीष की शिकायत पर अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी वाहन ड्राइवर की पहचान की जा सके, मामले की जांच जारी है।
झज्जर सड़क हादसे में गुरुग्राम के युवक की मौत:एक महीने पहले हुई थी शादी, डयूटी पर जा रहा था
