उत्तराखंड के हरिद्वार में पार्किंग के पैसों को लेकर हुए विवाद के बीच हरियाणा के युवक ने पार्किंग कर्मी को कार से कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत का एक युवक अपने परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आया था। स्नान के बाद वह दीनदयाल पार्किंग पहुंचा। यहां पार्किंग शुल्क को लेकर कार चालक और पार्किंग में काम कर रहे कर्मचारी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान कार चालक ने अचानक वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे पार्किंग कर्मी उसकी चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे हरिद्वार के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद की PHOTOS… सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए पूरा घटनाक्रम… पार्किंग पर्ची काटने को लेकर हुआ विवाद
हरिद्वार कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत निवासी विशाल और सूरज आज सुबह ही अपनी कार से हरिद्वार पहुंचे थे। पार्किंग में कार खड़ी कर सभी लोग गंगा स्नान करने चले गए। दोपहर साढ़े तीन बजे वापस दीन दयाल पार्किंग लौटे। सभी लोग पार्किंग से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान बहादराबाद क्षेत्र निवासी पार्किंग मैनेजर सहदेव कुमार ने पर्ची काटने की बात कही। पार्किंग शुल्क को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि ड्राइवर विशाल ने कार को तेजी से भगाते हुए सहदेव कुमार को कुचल दिया। हिमालयन अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने सहदेव कुमार को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। सहदेव कुमार की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। शाम 5 बजे परिजन उसे हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट (देहरादून) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी को हिरासत में लिया
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने कार ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। —————— उत्तराखंड दिनभर, 10 बड़ी खबरें:ऐंजल की गर्दन पर थे 12 इंच के घाव, नए CJ बने मनोज गुप्ता, नैनीताल में मालिक को बचाने के लिए बाघ से भिड़ा डॉग आज उत्तराखंड की सबसे बड़ी खबर देहरादून में पढ़ाई के लिए आए त्रिपुरा के छात्र ऐंजल चकमा की मौत से जुड़ी है, जिसकी 13 दिन बाद आई डिटेल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बेरहमी से मारपीट की पुष्टि हुई है। वहीं, हरिद्वार में कोर्ट के आदेश पर पूर्व विधायक पर FIR, नैनीताल हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिलने और अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सियासी हलचल भी चर्चा में रही। (पढ़ें पूरी खबर)
हरिद्वार में पैसे मांगने पर युवक को कार से कुचला:गंगा स्नान करने आया था हरियाणा का परिवार, पार्किंग के लिए बहस हुई तो वाहन चढ़ाया
