सोनीपत जिले में गंदे पानी और सीवरेज की समस्या को लेकर महिलाओं ने एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और सड़क को जाम कर दिया। गंदे पेयजल और सीवरेज समस्या को लेकर उन्होंने महलाना रोड पर उतरकर प्रोटेस्ट किया। कॉलोनीवासियों ने मटके फोड़कर नगर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी, खासकर महिलाएं, सड़क पर एकत्रित हुईं और नारेबाजी की। इस दौरान महलाना रोड पर यातायात भी बाधित रहा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 25 साल पुरानी कॉलोनियां सुविधाओं से वंचित कॉलोनी के लोगों का कहना है कि देवी लाल कॉलोनी और सरस्वती कॉलोनी करीब 25 वर्ष पहले विकसित की गई थी, लेकिन आज तक यहां साफ पीने का पानी और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई गई। बार-बार शिकायतों और मांगों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। चुनावी वादे में अनदेखी का आरोप कॉलोनीवासियों का आरोप है कि चुनाव के समय सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों का यहां आना-जाना रहता है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही उनकी सुध लेना कोई जरूरी नहीं समझता। वर्षों से सिर्फ आश्वासन मिलते रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। गंदा पानी बना बीमारी की वजह कॉलोनी की महिलाओं ने बताया कि साफ पानी की व्यवस्था न होने के कारण उन्हें दूर-दराज के इलाकों से पानी लाना पड़ता है या फिर दूषित पानी का इस्तेमाल करना मजबूरी बन गया है। इससे बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियों का खतरा लगातार बना रहता है। सीवरेज न होने से सड़कें बनी नाले सीवरेज व्यवस्था के अभाव में गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है, जिससे दुर्गंध फैलती है। बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जब सड़कों पर पानी भर जाता है और लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शहर की कई नई और पुरानी कॉलोनियों में सीवर और पानी की लाइनें डाली जा चुकी हैं, लेकिन देवी लाल कॉलोनी और सरस्वती कॉलोनी को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। लोगों ने कहा कि ऐसा लगता है मानो उनकी बस्ती को लावारिस छोड़ दिया गया हो। समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी, कि यदि जल्द ही साफ पानी और सीवरेज की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की, कि मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया जाए और तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं। वहीं इस दौरान कोर्ट परिसर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया और संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आश्वासन दिलवाकर जाम खुल गया है।
सोनीपत में महिलाओं का मटका फोड़ प्रदर्शन:सीवरेज और पेयजल को लेकर नारेबाजी; महलाना रोड जाम; यातायात प्रभावित
