हरियाणा के हांसी में आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इसमें हांसी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक विनोद भयाना और उनके परिजनों पर आय से अधिक संपत्ति, अवैध कॉलोनियों के विकास और सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए गए। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोरखी ने बताया कि सार्वजनिक रूप से उपलब्ध चुनावी शपथ-पत्रों, समाचार रिपोर्टों और HRERA की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज तथ्यों के अनुसार, विधायक विनोद भयाना और उनके परिवार हांसी, बरवाला, सिरसा और फतेहाबाद सहित अन्य क्षेत्रों में कई बड़ी रियल एस्टेट परियोजनाओं से जुड़े हैं। इन परियोजनाओं में हजारों करोड़ रुपए के निवेश की आवश्यकता होती है, जो चुनावी शपथ-पत्रों में दर्शाई गई आय से मेल नहीं खाता। आम आदमी पार्टी की ओर से ये आरोप लगाए… विधायक ने अवैध प्लॉटों को वैध बताया : पार्टी ने आरोप लगाया कि विधायक पद का दुरुपयोग कर अवैध कॉलोनियां विकसित की गईं और आम जनता को अवैध प्लॉटों को वैध बताकर गुमराह किया गया। आम आदमी पार्टी ने HARERA, टाउन प्लानिंग और म्युनिसिपल विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। विधायक की प्रॉपर्टी की जांच हो : आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि विधायक विनोद भयाना और उनके परिजनों की चल-अचल संपत्तियों, आय के स्रोतों, आयकर रिटर्न, चुनावी शपथ-पत्रों और HRERA में पंजीकृत, गैर-पंजीकृत सभी परियोजनाओं की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए। पार्टी ने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता या कानून का उल्लंघन सामने आता है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे : प्रेसवार्ता के बाद, आम आदमी पार्टी के नेताओं ने एसडीएम राजेश कोट को एक ज्ञापन भी सौंपा। इस ज्ञापन में भी विधायक और उनके परिजनों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा जनहित और पारदर्शिता से जुड़ा है। आम आदमी पार्टी हांसी की जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए इस लड़ाई को आगे भी जारी रखेगी।
AAP बोली-हांसी विधायक भयाणा की प्रॉपर्टी की जांच हो:आय से अधिक संपत्ति के आरोप लगाए, कहा-कई बड़ी रियल एस्टेट परियोजनाओं से जुड़े
