झज्जर में कमरे में मिला व्यक्ति का शव:बाहर से कुंडी लगी थी, फोन बंद था; मृतक बिहार का रहने वाला

Spread the love

झज्जर जिले के गांव जाखौदा स्थित एक किराए के मकान में व्यक्ति का शव मिलने का मामला सामने आया है। व्यक्ति का कई दिन पुराना सड़ा-गला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने इसे हत्या का शक जताया है और पुलिस को शिकायत दी है। गांव के पूर्व सरपंच की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल झज्जर भिजवाया। मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर जिले के गांव सिंघिया निवासी 40 वर्षीय मोहम्मद कुर्बान के रूप में हुई है। मृतक जाखौदा में अपने साथी अजय के साथ किराए के मकान में रहता था और बहादुरगढ़ के सेक्टर-17 स्थित एक निजी कंपनी में पैकिंग ठेकेदार के तौर पर काम करता था। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम की कागजी कार्रवाई में जुटी हुई है। कई दिन से आ रहा था फोन बंद
मृतक के भाई मोहम्मद रिजवान ने बताया कि वे कुर्बान से लगातार संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन एक जनवरी के बाद से उसका फोन बंद आ रहा था। कई दिनों तक संपर्क न हो पाने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। बुधवार शाम करीब 4:30 बजे जब वे जाखौदा स्थित कमरे पर पहुंचे तो देखा कि कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। शक होने पर उन्होंने तुरंत आसौदा थाना पुलिस को सूचना दी। पूर्व सरपंच ने दी पुलिस को सूचना गांव के पूर्व सरपंच जगबीर ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंच कर मौके से सबूत जुटाए और शव को कब्जे में लिया। वहीं आसौदा थाना एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि गांव के पूर्व सरपंच ने पुलिस को सूचना दी थी। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट के बाद ही जांच कार्रवाई की जाएगी। कमरे के बाहर लगी थी कुंडी परिजनों के अनुसार कमरे के बाहर कुंडी लगी हुई थी जबकि पुलिस का कहना है कि वे मौके पर पहुंचे तब तक कमरा खुला हुआ था। कमरे के अंदर मोहम्मद कुर्बान का शव गली-सड़ी अवस्था में पड़ा हुआ मिला। कमरे में शव के पास शराब की खाली बोतल और खाने-पीने का सामान भी बरामद हुआ है। परिजनों ने जताया हत्या का शक परिजनों का कहना है कि कमरा बाहर से बंद था और कुर्बान के साथ रहने वाला साथी अजय भी लापता बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या के स्पष्ट साक्ष्य सामने नहीं आए हैं। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने बताया कि मृतक के साथी की तलाश जारी है।