जींद जिले में उचाना के लोधर स्थित नंबरदार स्वीट्स की दुकान में 4 जनवरी की सुबह आग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। इस नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीण 9 जनवरी को एसडीएम दलजीत सिंह से मुलाकात करेंगे। दुकान मालिक संदीप ने बताया कि लोधर के किठाना रोड पर उनकी नंबरदार स्वीट्स के नाम से दुकान है। अज्ञात कारणों से लगी आग इतनी भीषण थी कि नरवाना और उचाना से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। आग पर काबू पाने तक दुकान का लगभग 70 से 80 लाख रुपये का सामान पूरी तरह जल चुका था। परिवार के पालन-पोषण का जरिया थी दुकान संदीप के अनुसार, यह दुकान उनके परिवार के पालन-पोषण का एकमात्र जरिया थी। आगजनी से हुए इस भारी नुकसान के बाद उनके पास आय का कोई साधन नहीं बचा है। उन्होंने बताया कि परिवार का भरण-पोषण करने और अपने काम को दोबारा शुरू करने के लिए उन्हें मुआवजे की आवश्यकता है। ग्रामीणों ने किया समर्थन पूर्व सरपंच रमेश, पूर्व सरपंच सुरेश, पूर्व जिला पार्षद मंजीत, सतनाम नंबरदार, मंजीत, राजेश और विक्रम सहित अन्य ग्रामीणों ने संदीप का समर्थन किया। उन्होंने बताया कि संदीप के पास दुकान के अलावा कमाई का कोई अन्य जरिया नहीं है और उनके पास केवल आधा एकड़ के आसपास जमीन है। एसडीएम से करेंगे मुआवजे की मांग ग्रामीणों ने कहा कि मिठाई की दुकान से ही संदीप अपने परिवार का गुजारा करते थे। अब दुकान का सारा सामान जल जाने से उनकी आमदनी का कोई स्रोत नहीं बचा है। इसलिए, सभी ग्रामीण मिलकर एसडीएम से आगजनी से हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग करेंगे।
जींद में मिठाई की दुकान में लगी आग:80 लाख का नुकसान, परिवार पर रोजी-रोटी का संकट, एसडीएम से होगी मुआवजे की मांग
