रेवाड़ी में ट्रक की टक्कर से एडवोकेट की मौत:सिर पर चढ़ा टायर, बाइक से घर लौट रहे थे, ड्राइवर गिरफ्तार

Spread the love

रेवाड़ी जिले में नेशनल हाईवे-11 पर बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में 52 वर्षीय एडवोकेट समय प्रकाश की मौत हो गई। उनकी बाइक को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। यह घटना कनूका मोड़ फ्लाईओवर के पास हुई। जानकारी के अनुसार समय प्रकाश अपने भाई के साथ नारनौल की ओर अपने पैतृक गांव पीथड़ावास जा रहे थे। वे दोनों अलग-अलग बाइकों पर थे और उनका भाई उनके पीछे चल रहा था। ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर कनूका फ्लाईओवर की ओर मुड़ते समय, दिल्ली-जयपुर हाईवे को जोड़ने वाला बाईपास की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। ट्रक का टायर उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे एडवोकेट समय प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रेवाड़ी नागरिक अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक समय प्रकाश रेवाड़ी कोर्ट में एडवोकेट के रूप में कार्यरत थे। ड्राइवर को किया गिरफ्तार जांच अधिकारी एएसआई ललित ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।