जींद जिले के पिल्लुखेड़ा क्षेत्र के हाडवा गांव में एक सड़क हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक पांच वर्षीय बच्चा भी जख्मी हुआ। युवक बाइक पर खेत में खाना देने आ रहा था। मामा के घर आया बच्चा भी उसके साथ था। एक ड्राइवर ने जेसीबी लापरवाही और तेज रफ्तारी से चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। युवक अभी भी अनबोल है और उसकी एक टांग कट गई। पुलिस ने केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। हाडवा गांव के निवासी रामेश्वर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने भाई सुरत सिंह के साथ खेत में गेहूं की फसल में पानी दे रहा था। उसी दौरान उसका बेटा अनुराग अपने पांच वर्षीय भांजे अवि निवासी लडरावन, जिला झज्जर को साथ लेकर मोटरसाइकिल पर खेत में खाना देने आ रहा था। जब अनुराग बाघडू रोड पर खेतों के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार जेसीबी ने मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में अनुराग और अवि दोनों सड़क पर गिर पड़े। टक्कर के बाद उसका बेटा अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका दाहिना पैर घुटने के ऊपर से कट गया। वहीं, पांच वर्षीय अवि को भी कई चोटें आईं। हिसार के अस्पताल में कराया दाखिल रामेश्वर ने बताया कि दोनों को तुरंत अमनदीप अस्पताल, लोहारू रोड हिसार में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने अनुराग की टांग को जोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। अवि को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अनुराग का इलाज अब भी जारी है और वह बोलने में सक्षम नहीं है। घटना के बाद जेसीबी चालक कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन बाद में वाहन लेकर फरार हो गया। रामेश्वर ने बताया कि उसने मौके पर वाहन का नंबर नोट कर लिया और चालक की पहचान शिवचरन निवासी कोटली, जिला सिरसा के रूप में की। पुलिस ने दर्ज किया मामला पुलिस के अनुसार, जांच अधिकारी एएसआई संजीत ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान लेने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें “unfit for statement” बताया। बाद में 6 जनवरी को घायल अनुराग के पिता रामेश्वर ने थाना पिल्लुखेड़ा में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। थाना पिल्लुखेड़ा पुलिस ने धारा 281, 125A, 125B बीएनएस के तहत मुकदमा नंबर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जींद में तेज रफ्तार JCB ने बाइक को मारी टक्कर:युवक का घुटने के ऊपर से पैर कटा, भांजा घायल; खाना लेकर आ रहे थे
