राजस्थान-MP समेत 8 राज्यों में पारा 5° से नीचे:कश्मीर में 15 दिन बर्फबारी का अलर्ट; उत्तराखंड में पाइपलाइनों में पानी जमा

Spread the love

पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी राज्यों की तरफ चल रही सर्द हवाओं से पूरे देश में तापमान में गिरावट आई है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हिमाचल, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में तापमान 5° से नीचे पहुंच गया है। इन राज्यों के कई जिलों में घना कोहरा छाया है, जिसके कारण 8वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। स्कूलों का टाइम भी बदला है। यूपी में 20 फ्लाइट्स और 100 ट्रेनें लेट चल रही हैं। जयपुर में आज विजिबिलिटी जीरो है, इसके कारण 8 फ्लाइट देरी से चल रही हैं। मध्य प्रदेश के भोपाल में जनवरी की सर्दी का 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। यहां मंगलवार को 3.8° तापमान रहा। बुधवार को छिंदवाड़ा में 2 डिग्री तापामान रहा। दमोह, गुना, मुरैना में ओस जम गई। कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने से एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। अगले 15 दिन भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड में पारा माइनस 9 डिग्री पहुंच गया, यहां पाइपलाइनों में पानी जम गया है। राज्यों में मौसम की 3 तस्वीरें… अगले 2 दिन मौसम का हाल… 8 जनवरी: मैदानी राज्यों में बारिश पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट, कड़ाके की सर्दी रहेगी। पहाड़ी राज्यों में तापमान और गिर सकता है। बर्फबारी जारी रहेगी। 9 जनवरी: पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा में हल्की बारिश का अलर्ट। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी का अलर्ट। राज्यों से मौसम की खबरें… राजस्थान: जयपुर में विजिबिलिटी जीरो, 25 जिलों में स्कूल बंद जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर, दौसा समेत कई जिलों में आज भी घना कोहरा है। जयपुर में विजिबिलिटी जीरो है। कड़ाके की ठंड की वजह से राजस्थान के 25 जिलों में 8वीं क्लास तक स्कूलों की छुट्‌टी कर दी गई है। जोधपुर में सरकारी और प्राइवेट स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से कर दिया गया है। 10 जनवरी तक सर्दी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। पढ़ें पूरी खबर… मध्य प्रदेश: भोपाल सबसे ठंडा, पारा 3.8 डिग्री, दमोह-मुरैना, गुना में विजिबिलिटी घटी प्रदेश के आधे हिस्से में घना कोहरा छा रहा है तो कई जिलों में कोल्ड वेव (शीतलहर) और कोल्ड डे (ठंडा दिन) का असर भी है। इससे रात का पारा रिकॉर्ड 2 डिग्री पर पहुंच गया है। इंदौर, रायसेन, ग्वालियर और नर्मदापुरम के स्कूलों की बुधवार को भी छुट्‌टी रहेगी। दमोह, मुरैना और छिंदवाड़ा में ओस की बूंदें जम गई हैं। छिंदवाड़ा में पारा 2.2 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की पुष्टि हुई है। पढ़ें पूरी खबर… उत्तर प्रदेश: 35 जिलों में कोहरा, पारा 3°C से नीचे; 3 दिन कड़ाके की ठंड का अलर्ट पारा 3°C से नीचे पहुंच गया है। 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन और गलन बढ़ा दी है। बुधवार सुबह लखनऊ, अलीगढ़, मुरादाबाद समेत 35 शहरों में कोहरा छाया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिन कड़ाके की ठंड पड़ेगी। प्रदेशभर के 8वीं तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद हैं। पढ़ें पूरी खबर… बिहार: 10 जिलों का पारा 7 डिग्री से नीचे; बेगूसराय-भोजपुर में 8 जनवरी तक स्कूल बंद प्रदेश के 23 जिलों में शीतलहर ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिनों में बिहार में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री तक घट सकता है। पटना, बेगूसराय, दरभंगा समेत 10 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई शहरों में विजिबिलिटी जीरो रही। 10 जिलों का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री या उससे कम रिकॉर्ड किया गया। पढ़ें पूरी खबर… उत्तराखंड: मुनस्यारी लंदन से 9 गुना ज्यादा ठंडा, 3 जिलों में पाइपलाइन में पानी जमा, 6 में कोहरे का अलर्ट पिथौरागढ़ का मुनस्यारी लंदन से 9 गुना ज्यादा ठंडा दर्ज किया गया है, यहां का तापमान -9°C है, जबकि लंदन का तापमान 1°C है। रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और चमोली के उंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे जाने से यहां पेयजल पाइपलाइन जम गई है, जिससे लोगों पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। पढ़ें पूरी खबर… हिमाचल प्रदेश: 7 जिलों में कोहरे का अलर्ट, 23 शहरों में तापमान अब भी 5°C से नीचे ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर के निचले इलाकों में सुबह कोहरे का अनुमान जताया है। प्रदेश के 23 शहरों का रात का तापमान 5 डिग्री से भी नीचे गिर गया है। डी के सुंदरनगर का पारा 1.3 डिग्री, सोलन 0.2, कुफरी 0.1 और ​सियोबाग में 1.0 डिग्री के साथ जमाव बिंदु तक गया है। लाहौल स्पीति के ताबो का तापमान माइनस -10.8 डिग्री तक लुढ़क चुका है। पढ़ें पूरी खबर… छत्तीसगढ़: 4 शहरों में पारा 10° से नीचे, 17 जिलों में शीतलहर का अलर्ट प्रदेश में सबसे ठंडा अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.8°C दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में रायपुर सबसे ठंडा रहा, जहां रात का पारा 7°C तक गिर गया। दुर्ग में 7°C और पेंड्रा रोड में 7.2°C रहा। 17 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट और 15 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है। सरगुजा में ठंड के कारण 10 जनवरी तक पहली से पांचवीं कक्षा के बच्चों की छुट्टी रहेगी। पढ़ें पूरी खबर… झारखंड: रांची के मैक्लुस्कीगंज का पारा 1.5°C पहुंचा, 14 जिलों में शीतलहर मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड का पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तर भारत की ओर से आ रही बर्फीली हवाओं के असर से कई जिलों में शीतलहर का असर है। रांची समेत 14 जिलों में आज शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट है। रांची के मैक्लुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री पहुंच गया है। पढ़ें पूरी खबर… हरियाणा: आज 12 शहरों में कोल्ड-डे का अलर्ट; हिसार में दिन का तापमान 6.3°C आधे से ज्यादा हरियाणा बर्फीली हवाओं की चपेट में है। 10 जनवरी तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। मंगलवार को भी शीतलहर के कारण हरियाणा के 8 जिलों में कोल्ड डे रहा। हिसार में अधिकतम तापमान 6.3°C तक गिर गया है। आज भी सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, रोहतक, झज्जर, चरखीदादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह और पलवल में कोल्ड डे की चेतावनी दी गई है। पढ़ें पूरी खबर…