हरियाणा पुलिस के ASI संदीप लाठर सुसाइड केस में पीड़ित परिवार के लिए पुलिस कर्मियों ने खूब दरियादिली दिखाई है। तत्कालीन DGP ओपी सिंह की अपील के बाद पुलिस कर्मियों की ओर से एक करोड़ रुपए जुटाए गए। ये राशि संदीप के परिवार को सौंप दी गई है। ASI लाठर ने 14 अक्टूबर को रोहतक के लाढ़ौत गांव में सुसाइड कर लिया था। सुसाइड से पहले लाठर ने दिवंगत आईपीएस वाई पूरन कुमार पर जातिगत और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इस मामले में रोहतक में पुलिस ने एक केस भी दर्ज किया है, जिसकी जांच जारी है। हरियाणा पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संदीप के परिवार को कुल मिलाकर लगभग 1 करोड़ रुपए मिले हैं। हाल ही में 54 लाख रुपए के चेक परिवार को सौंपे गए, जबकि बची राशि सीधे पारिवारिक सदस्यों के खातों में जमा की गई या अलग-अलग मौकों पर दी गई। पुलिस ने लेटर जारी कर मांगी थी सहायता दरअसल, लाठर के सुसाइड के बाद हरियाणा पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों से आर्थिक सहायता देने की अपील की थी। इसको लेकर अक्टूबर में विभाग की ओर से एक आधिकारिक लेटर भी जारी किया गया था, जिसमें कहा गया था कि रोहतक एसपी कार्यालय के साइबर सेल में तैनात लाठर एक ईमानदार अधिकारी थे और उनके परिवार मां, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा को सहायता की आवश्यकता है क्योंकि दो बच्चे नाबालिग हैं। परिवार अभी असंतुष्ट हालांकि परिवार अभी भी असंतुष्ट है। पारिवारिक सदस्यों का कहना है कि सरकार ने लाठर की विधवा पत्नी को एमडीयू के कैंपस स्कूल में स्नातकोत्तर शिक्षक की नौकरी की पेशकश की है और जॉइनिंग प्रक्रिया चल रही है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों की शिक्षा के खर्च को वहन करने का आश्वासन अभी तक पूरा नहीं किया गया है। इसके अलावा लाठर की मौत से संबंधित मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा, “हम इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हैं। 9 जनवरी को लाठर की छमाही लाठर की ‘छमाही’ 9 जनवरी को उनके पैतृक गांव जुलाना, जींद में आयोजित की जाएगी। मृत्यु की तारीख से ठीक 6 महीने बाद किया जाने वाला एक अनुष्ठान है, जो आत्मा की शांति और परिवार द्वारा दिवंगत को याद करने के लिए होता है, हालांकि मुख्य वार्षिक बरसी एक साल बाद होती है, छमाही एक छोटा सा श्रद्धांजलि कार्यक्रम होता है। यह एक तरह से मृत्यु की पहली पुण्यतिथि (बरसी) से पहले का एक पड़ाव है, जिसमें परिवार मिलकर प्रार्थना और दान करते हैं। सर्विस रिवाल्वर से किया सुसाइड ASI संदीप लाठर ने रोहतक में 14 अक्टूबर की दोपहर करीब 1 बजे गांव लाढ़ौत से धामड़ रोड पर अपने मामा बलवान सिंह के खेतों में बने कोठड़े की छत पर जाकर सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। सुसाइड से पहले संदीप लाठर ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया और 4 पेज का सुसाइड नोट भी छोड़ा। उसमें IPS वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। इस केस में IAS व विधायक पर केस पुलिस ने इस मामले में संदीप लाठर की पत्नी संतोष की शिकायत पर दिवंगत IPS वाई पूरन कुमार की IAS अफसर पत्नी अमनीत पी. कुमार, साले पंजाब से विधायक अमित रतन (FIR में अमन रतन), वाई पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार और आईजी दफ्तर के सिक्योरिटी इंचार्ज सुनील को नामजद करते हुए एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। रोहतक पुलिस की तरफ से DSP के नेतृत्व में एक SIT गठित करके जांच करवाई जा रही है।
रोहतक ASI लाठर सुसाइड केस, परिवार को मिले ₹1 करोड़:हरियाणा पुलिस कर्मियों ने की मदद; सरकार पत्नी को दे चुकी सरकारी नौकरी
