हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में दादरी जाने वाले स्टेट हाईवे पर नववर्ष के अवसर पर युवकों की लापरवाही और स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। दो गाड़ियों में सवार युवकों ने खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए हाईवे पर जमकर उत्पात मचाया। दोनों गाड़ी के युवाओं ने रील भी बनाई। जिसका एक वीडियो सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों कारों में सवार युवक तेज रफ्तार में स्टेट हाईवे नंबर 148 बी पर खतरनाक स्टंट करते नजर आए। युवक कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर वीडियो बनाते रहे और हाईवे को मानो स्टंट ग्राउंड में तब्दील कर दिया। कारों को चलाया बराबर इतना ही नहीं, दोनों कारों को हाईवे पर बराबर-बराबर चलाया गया, जिससे पीछे चल रहे अन्य वाहन सवारों को काफी देर तक आगे निकलने का मौका नहीं मिला। इससे यातायात बाधित हुआ और कई बार दुर्घटना की स्थिति भी बनती नजर आई। भुरजट गांव के पास की घटना बताया जा रहा है कि यह घटना हाईवे से सटे गांव भुरजट के पास की है और समय एक जनवरी सुबह करीब 11 बजे का बताया जा रहा है। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सामान्य थी, ऐसे में युवकों की यह लापरवाही और भी खतरनाक साबित हो सकती थी। पीछे चल रहे राहगीरों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। नियमों की अनदेखी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक किस तरह नियमों की अनदेखी करते हुए स्टंट कर रहे हैं। कार की खिड़कियों से बाहर लटकना, तेज गति से वाहन चलाना और हाईवे पर अन्य वाहनों को ओवरटेक न करने देना साफ तौर पर कानून का उल्लंघन है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठा रहे हैं। एक कार गुरुग्राम की दूसरी महेंद्रगढ़ की युवाओं ने जिन कारों की खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट किया है, उनमें से डिजायर कार गुरुग्राम नंबर की है, जबकि दूसरी कार महेंद्रगढ़ के नंबर की है। दोनों कारों के नंबर भी साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई का इंतजार स्थानीय लोगों का कहना है कि नववर्ष जैसे अवसरों पर इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की सख्ती के अभाव में ऐसे युवक बेखौफ होकर कानून तोड़ते हैं। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस इन लापरवाह युवकों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है और क्या भविष्य में इस तरह की स्टंटबाजी पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाते हैं या नहीं।
नारनौल में 2 कारों में सवार युवकों ने किया स्टंट:खिड़की से बाहर निकलकर रील्स भी बनाई, खतरे में डाली राहगीरों की जान
