सोनीपत जिले के मिनी सचिवालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक शख्स ने सार्वजनिक स्थान पर जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या करने की कोशिश कर ली। व्यक्ति किसी मामले में शिकायत देने के लिए मिनी सचिवालय पहुंचा था, लेकिन मौके से किसी भी प्रकार की शिकायत की कॉपी बरामद नहीं हुई। जहरीला पदार्थ पीते ही उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद कोर्ट परिसर चौकी पुलिस ने तुरंत उसे पुलिस पीसीआर गाड़ी में डालकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। सचिवालय के मुख्य गेट पर मचा हड़कंप घटना सोनीपत के मिनी सचिवालय के मुख्य गेट की है, जहां राठधाना गांव के राजेश ने अचानक फसल में इस्तेमाल होने वाला जहरीला कीटनाशक पी लिया। यह देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी में सफाई कर्मी जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय राजेश ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी में सफाई कर्मी के तौर पर काम करता है। जहरीला पदार्थ पीने के बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके चलते उसे तुरंत सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पारिवारिक विवाद और पुलिस पर आरोप राजेश ने बताया कि उसकी शादी मुस्लिम महिला हलीमा से हुई है। कुछ दिन पहले उनका मुंहबोला दामाद लापता हो गया था, जिसकी बाद में डेड बॉडी बरामद हुई। मामले में बहालगढ़ थाना पुलिस उसकी पत्नी हलीमा और एक लड़की से पूछताछ कर रही है। राजेश का आरोप है कि पुलिस उस पर और उसके परिवार पर बेवजह शक कर रही है। हम अपने दामाद को क्यों मारेंगे- राजेश जहरीला पदार्थ पीने के बाद राजेश ने कहा कि वह और उसका परिवार अपने दामाद की हत्या क्यों करेंगे। इसी बात से परेशान होकर वह अपनी शिकायत लेकर मिनी सचिवालय पहुंचा था और मानसिक तनाव में आकर उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जांच जारी कोर्ट परिसर चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राजेश को तुरंत पीसीआर गाड़ी से नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहीं, सिटी थाना पुलिस भी पूरे मामले को लेकर जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
सोनीपत के मिनी सचिवालय में व्यक्ति ने पीया कीटनाशक:PCR में अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस, हालत गंभीर; जिंदल यूनिवर्सिटी में सफाई कर्मी
