MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:इंदौर में दूषित पानी से 14वीं मौत; 21 लाख के नोटों से सजा मंदिर, लेडी अफसर घूस लेती गिरफ्तार

Spread the love

MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. MP में रातभर न्यू ईयर पार्टी, सुबह मंदिरों में भक्ति नए साल 2026 के पहले दिन मध्यप्रदेश के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। उज्जैन महाकाल मंदिर में डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार लगी रही, जहां सुबह 11 बजे तक 85 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। विश्वकप विजेता महिला क्रिकेट टीम की सदस्य भी महाकाल पहुंचीं। ग्वालियर में ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को दूध पिलाकर नशामुक्त नए साल का संदेश दिया। पढ़ें पूरी खबर 2. इंदौर में 14 मौतों की वजह बना पाइपलाइन में सीवेज, मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौतों पर सरकारी मुहर लग गई है। सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने बताया कि लैब रिपोर्ट में दूषित पानी से बीमारी और मौत की पुष्टि हुई है। पाइपलाइन लीकेज से पानी खराब हुआ। सांसद शंकर लालवानी ने पानी में घातक बैक्टीरिया मिलने की बात कही। अब तक 14 मौतें और करीब 1400 लोग संक्रमित बताए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर 3. जबलपुर में न्यू-ईयर पर महिलाओं ने शराब की बोतलें तोड़ीं जबलपुर के सिहोरा थाना क्षेत्र के खमरिया, खिरवा और बरगी गांवों की महिलाओं ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने शराब छीनकर सड़क पर बहा दी और चेतावनी दी कि रोक नहीं लगी तो जिला स्तर पर आंदोलन करेंगी। सूचना पर आबकारी और पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पढ़ें पूरी खबर 4. एमपी में कल्याणपुर, नौगांव-खजुराहो सबसे ठंडे शहर
इस बार मध्यप्रदेश में नवंबर-दिसंबर की सर्दी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। नवंबर में 84 साल में सबसे ज्यादा ठंड पड़ी तो दिसंबर में 25 साल का रिकॉर्ड टूटा। मौसम विभाग ने नवंबर-दिसंबर की तरह ही जनवरी में भी कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान जताया है। पढ़ें पूरी खबर 5. छतरपुर में आयुष अधिकारी 5,000 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार छतरपुर में सागर लोकायुक्त ने जिला आयुष अधिकारी डॉ. निर्मला कुशवाहा और सहायक ग्रेड 2 बाबू अनिल साहू को 5,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप हैं कि डॉ. निर्मला कुशवाहा ने अपने विभाग के चपरासी अविनाश चंद्र मिश्रा से 20 दिन की छुट्टी स्वीकृत करने के एवज में यह राशि मांगी थी। लोकायुक्त टीम ने चपरासी की शिकायत पर यह ऑपरेशन अंजाम दिया। पढ़ें पूरी खबर 6. बड़वाह में 140 तोतों की मौत, फूड पॉइजनिंग की आशंका
बड़वाह के एक्वाडक्ट पुल क्षेत्र में तीन दिनों में 140 तोतों की मौत का मामला भोपाल तक पहुंचा। जांच के लिए पशु चिकित्सा विभाग के उपसंचालक जी.एस. सोलंकी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में बर्ड फ्लू की आशंका से इनकार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार मौत का कारण फूड पॉइजनिंग प्रतीत हो रहा है, अंतिम पुष्टि लैब रिपोर्ट के बाद होगी। पढ़ें पूरी खबर 7. कार की टक्कर से युवक की मौत, पत्नी-बेटी घायल
अशोकनगर के बायपास रोड पर युगल सरकार मंदिर के सामने तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 34 वर्षीय सफाई कर्मचारी मोतीलाल बाल्मिक की मौत हो गई, जबकि पत्नी और 5 साल की बेटी घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल पत्नी को भोपाल रेफर किया गया है। घटना बुधवार शाम सवा छह बजे हुई। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर 8. ग्वालियर में नए साल की सुबह दूध बांटा गया ग्वालियर में नए साल की शुरुआत नशे के खिलाफ जागरूकता के साथ की गई। इंदरगंज चौराहे पर यातायात पुलिस और ग्वालियर यूथ सोसाइटी ने संयुक्त अभियान चलाया। लोगों को शराब के बजाय दूध पीने के लिए प्रेरित किया गया। करीब दो क्विंटल केसर वाला गर्म दूध निशुल्क बांटा गया। एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल ने भी अभियान में सहभागिता की। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके 9. नववर्ष पर 21 लाख के नोट और 15 लाख के आभूषणों से सजा मंदिर
धार्मिक नगरी उज्जैन में नववर्ष को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। नए साल की शुरुआत श्रद्धालु मंदिरों में पूजा-अर्चना से कर रहे हैं। इंदौर गेट स्थित श्री पूर्णानंद गणपति मंदिर को 21 लाख रुपए के नोटों से सजाया गया है। गर्भगृह और परिसर में नोटों की लड़ियां लगाई गई हैं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट 10. संघ प्रमुख मोहन भागवत कल से भोपाल में
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शुक्रवार को भोपाल आएंगे। दो दिन तक वे भोपाल में युवा, प्रमुख जन और महिलाओं से संवाद करेंगे। दरअसल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में जारी प्रवास शृंखला के तहत सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 2 और 3 जनवरी को मध्य भारत प्रांत के भोपाल विभाग केंद्र पर दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे।