न्यू ईयर से पहले हरियाणा में घनी धुंध:हिसार में 4 ट्रेन लेट; 3 जिलों में आज बारिश के आसार, कल से ठंड बढ़ेगी

Spread the love

हरियाणा में न्यू ईयर से पहले घनी धुंध छाई है। बुधवार सुबह पानीपत, जींद, कैथल, सोनीपत, करनाल, झज्जर, हिसार, फरीदाबाद, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़ और पलवल में विजिबिलिटी 10 से 50 मीटर तक रही। कोहरे के कारण हिसार में रेल यातायात प्रभावित हुआ। किसान एक्सप्रेस आधा घंटा लेट रही। रेवाड़ी-फाजिल्का एक्सप्रेस 26 मिनट और गोरखधाम एक्सप्रेस 3 घंटे से ज्यादा देरी से चल रही है। हरिद्वार-भावनगर एक्सप्रेस भी सवा दो घंटे लेट चल रही है। मौसम विभाग (IMD) ने सिरसा, हिसार, फतेहाबाद में आज रात गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। नमी वाली हवाएं आने से प्रदेश में और ज्यादा कोहरा छा सकता है। आज रात से पहाड़ों पर बर्फ और बारिश होने की वजह से मैदानों में ठंड और बढ़ जाएगी। अलग-अलग जिलों से धुंध की तस्वीरें… 20 साल बाद दिसंबर सूखा रहेगा
हरियाणा में इस पूरे दिसंबर में बारिश नहीं हुई। यदि दिसंबर सूखा निकलता है, तो यह 20 साल बाद ऐसा मौका होगा जब महीने के अंत तक एक बूंद भी पानी नहीं बरसा। इससे पहले 2005 में दिसंबर में एक बार भी बारिश नहीं हुई थी। उसके बाद से हरियाणा में हर दिसंबर में बारिश हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण हरियाणा में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी देखी गई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3°C नीचे दर्ज किया गया है। सोनीपत सबसे ठंडा, महेंद्रगढ़ में राहत
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। सोनीपत सबसे ठंडा शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 14.4°C रहा, जो सामान्य से काफी कम है। वहीं महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 24.6°C रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं हिसार में 20.0°C, गुरुग्राम में 20.3°C और चंडीगढ़ में 18.4°C अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। एक्सपर्ट ने बताया- आज रात से बदलेगा मौसम
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर 2 जनवरी तक परिवर्तनशील रहेगा। 31 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से ज्यादातर स्थानों पर बादल छाए रहने और कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट व रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी और नमी बढ़ने से ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह के समय धुंध भी रहने की संभावना है।