पलवल जिले में अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंगदल के तत्वावधान में आयोजित यज्ञ में मेवात निवासी साहुन नामक युवक ने हिन्दू धर्म में अपनी घर वापसी की। साहुन ने कहा कि वह चंद्रवंशी हिन्दू है और उनके पूर्वजों ने किसी कारणवश हिन्दू धर्म छोड़कर इस्लाम अपना लिया था। अब उन्होंने उस गलती को सुधारते हुए पुनः अपने मूल धर्म में वापसी की है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय बजरंगदल के क्षेत्रीय महामंत्री मुनीष भारद्वाज ने की। उन्होंने कहा कि सभी मुस्लिमों के पूर्वज हिन्दू थे, जिन्हें मजबूरी में इस्लाम धर्म अपनाना पड़ा। अब यदि वे घर वापसी करते हैं तो हिन्दू समाज उनका स्वागत करेगा। उन्होंने बताया कि मेवात निवासी साहुन ने भी घर वापसी की है और अब उसका नाम रवि रखा गया है। मुनीष भारद्वाज ने कहा कि रवि की घर वापसी पर हिन्दू समाज गर्व महसूस करता है। उन्होंने अपील की कि बिछुड़े हुए सभी बंधु अपने स्वधर्म में लौटें। साथ ही मुस्लिम युवतियों से तीन तलाक और हलाला जैसी कुरीतियों से बचने के लिए सनातन धर्म अपनाने की बात कही। आर्य समाज मंदिर में हुआ यज्ञ यज्ञ का आयोजन आर्य समाज मंदिर, जवाहर नगर कैंप के प्रांगण में किया गया। यज्ञ के पुरोहित मनीश शास्त्री ने पूरे विधि-विधान से कार्यक्रम संपन्न कराया। कई संगठनों के पदाधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में राष्ट्रीय बजरंगदल फरीदाबाद के विभाग अध्यक्ष संजय शर्मा, हिन्दू हेल्प लाइन के प्रांत मंत्री संदीप कोशीश, आर्य समाज के ललित मित्तल, इंडिया हेल्थ लाइन के नरेंद्र आर्य, राष्ट्रीय बजरंगदल के मोहित शर्मा, सतपाल योगेश, शिवओम, मनीष शास्त्री, अरविंद कटारिया, युद्धवीर आर्य, शांतनु ठाकुर और रोहित कौशिक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मेवात के युवक ने इस्लाम छोड़ हिंदू धर्म अपनाया:साहुन ने नाम रवि रखा, कहा- उनके पूर्वज चंद्रवंशी हिन्दू थे
