हरियाणा के फरीदाबाद में एक महिला मॉर्च्युरी से अपनी 12 वर्षीय बेटी का शव निकालकर ले गई। महिला का कहना है कि डॉक्टरों ने उनकी बेटी को जबरन मृत दिखा दिया, जबकि वह जिंदा थी। इसके बाद वह बाइक पर अपने देवर के साथ बीच में बेटी को बैठाकर दूसरे अस्पताल चली गई। महिला का कहना है कि उसकी पेटी के पेट में दर्द हो रहा था। इसके बाद वह बेटी को लेकर सिविल अस्पताल में पहुंची। अस्पताल के डॉक्टरों ने बच्ची की जांच की और करीब आधे घंटे बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद डॉक्टरों ने बच्ची की बॉडी को मॉर्च्युरी के फ्रीजर में रखवा दिया। महिला को इसकी सूचना मिलते ही वह शव को फ्रीजर से निकालकर बेटी को लेकर वहां से चली गई। इसके बाद उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराने के लिए गई, जहां भी डॉक्टरों ने लड़की को मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची पहले से ही मृत थी, महिला अपनी संतुष्टि के लिए दूसरे अस्पताल में गई थी। अब सिलसिलेवार जानिए क्या है पूरा मामला… महिला बोली- बच्ची की सांसें चल रही थी
बच्ची की मां रीना देवी का कहना है कि जब उन्होंने अपनी बेटी को फ्रीजर से बाहर निकाला, तो उसके मुंह से झाग निकल रहा था और नाक से खून बह रहा था। उन्होंने दावा किया कि बच्ची की सांसें चल रही थीं। रीना देवी के अनुसार, वह बच्ची को पहले घर ले गईं, जहां शरीर की मालिश करने पर बच्ची ने आंखें खोलीं और उसका शरीर गर्म हो गया। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन करीब एक घंटे बाद वहां भी बच्ची की मौत हो गई। डॉक्टर बोले- बच्ची को मृत अवस्था में लाया गया
पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर शीशपाल ने आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि बच्ची को इमरजेंसी में मृत अवस्था में लाया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया और नियमानुसार बॉडी को मॉर्च्युरी के फ्रीजर में रखा गया। उन्होंने बताया कि करीब आधे घंटे बाद बच्ची की मां मॉर्च्युरी में पहुंची और जबरदस्ती बॉडी को निकालकर ले गई। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
बेटी का शव मॉर्च्युरी से उठाकर भागी मां:फरीदाबाद में बाइक पर लादकर दूसरे अस्पताल ले गए, महिला बोलीं- सांसें चल रही थी
