गुरुग्राम में ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला, मौत:प्रत्यक्षदर्शी बोले- किनारे पर चल रहा था; डाइवर गाड़ी छोड़ फरार, पहचान नहीं

Spread the love

गुरुग्राम के सेक्टर-9 क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-9 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साइकिल सवार सड़क के किनारे से गुजर रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार ट्रक के नीचे आ गया और उसकी तुरंत मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान नहीं हो पाई, पुलिस कर रही प्रयास
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों में मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है, ताकि उसके परिजनों को सूचित किया जा सके। सीसीटीवी फुटेज से तलाशे जा रहे सुराग
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय ट्रक की रफ्तार कितनी थी और क्या यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ था। स्थानीय लोगों ने उठाई सुरक्षा की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि सेक्टर-9 क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है और तेज रफ्तार के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात नियंत्रण और भारी वाहनों की गति पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।