युवक की जांघ से सरिया आर-पार, 225 km तड़पता रहा:बैतूल में पुलिया से गिरे थे बाइक सवार भाई-बहन; उसी हालत में भोपाल रेफर

Spread the love

बैतूल-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार भाई-बहन पुलिया से नीचे जा गिरे। हादसे में युवक की जांघ में लोहे का सरिया आर-पार घुस गया। गंभीर हालत के बावजूद उसे उसी हालत में 225 किमी दूर भोपाल रेफर किया गया, जहां तक वह एम्बुलेंस में दर्द से तड़पता रहा। शाहपुर थाना क्षेत्र के नीमपानी बाचा ढाबे के पास ग्राम कोटमी माल निवासी धर्मेंद्र उइके (29) अपनी बहन पूनम उइके (24) के साथ बाइक से पाढर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार लाल रंग की कार ने अचानक कट मार दिया। संतुलन बिगड़ते ही बाइक पुलिया से नीचे जा गिरी और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सरिया पैर को चीरते हुए आर-पार निकला
पुलिया के नीचे लगे लोहे के सरियों में धर्मेंद्र की जांघ फंस गई। सरिया पैर को चीरते हुए आर-पार निकल गया, जिससे वह वहीं तड़पने लगा। पूनम भी नीचे गिरकर घायल हो गई। राहगीरों ने तुरंत डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शाहपुर और पाढर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरी से सरिया काटकर युवक को निकाला
स्थिति गंभीर होने पर गैस कटर मंगवाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद सरिया काटकर युवक को बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों घायलों को 112 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने धर्मेंद्र की हालत नाजुक बताई। सर्जरी के लिए भोपाल किया गया रेफर
मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रकाश तिवारी ने बताया कि जांघ में सरिया आर-पार होने से नसों और मांसपेशियों को नुकसान पहुंचने की आशंका थी। मौके पर सर्जरी करने से स्थिति और बिगड़ सकती थी, इसलिए माइक्रो-वैस्कुलर सर्जरी के लिए उसे भोपाल स्थित गांधी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। धर्मेंद्र को जांघ में फंसे सरिया के साथ ही करीब 225 किमी का सफर तय करना पड़ा। इस दौरान वह लगातार दर्द से कराहता रहा। बहन का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
बहन पूनम उइके का इलाज जिला अस्पताल बैतूल में चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद से कार चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। यह खबर पढ़ें
गर्दन में फंसा रहा चाकू, 45 Km तक किया सफर उज्जैन से करीब 45 किमी दूर महिदपुर में मामूली टक्कर के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक सवार तीन युवकों ने एक नाबालिग पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में चाकू उसकी गर्दन में फंस गया। गंभीर हालत में, गर्दन में चाकू फंसे होने की स्थिति में ही नाबालिग को इलाज के लिए उज्जैन लाया गया। पढ़ें पूरी खबर