हरियाणा में कई दिन बाद आज शुक्रवार को सोनीपत, पानीपत समेत कई जिलों में फिर से घना कोहरा छाया है। सोनीपत शहर में कोहरे की वजह से सुबह 7 बजे विजिबिलिटी जीरो है, ग्रामीण क्षेत्रों में भी बुरा हाल है। पानीपत व कई अन्य जिलों में भी इस प्रकार के हालात हैं। प्रदेश में 26 से 30 दिसंबर तक शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। इस दौरान प्रदेश में सूखी ठंड का असर देखने को मिलेगा। पूरे प्रदेश में ठंड को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बीते तीन–चार दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरा छाया हुआ था, लेकिन अब शीतलहर चलने के कारण मौसम साफ हो गया है। इसके साथ ही प्रदेश में सूखी ठंड का असर बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने का अनुमान है। गुरुवार की रात सोनीपत प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन के समय पलवल में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। दिन के समय खिलेगी धूप
शीतलहर के कारण दिन के समय धूप खिलने का अनुमान है। हालांकि उत्तरी हरियाणा में कुछ जिलों में कोहरा पड़ने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है, मगर दिन के समय प्रदेश में धूप खिलेगी। जिसके चलते लोगों को दिन के समय ठंड से राहत मिलने का अनुमान है। 28 दिसंबर तक ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा में 26-28 दिसंबर के दौरान ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। हालांकि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में दिसंबर में मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। उत्तरी ठंडी सर्द हवाओं से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान में गिरावट देखी गई। वहीं सम्पूर्ण इलाके में रात्रि तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। कैथल मे अधिकतम तापमान सबसे कम रहा
गुरुवार को क्रिसमस के दिन प्रदेश के सभी जिलों में धूप खिली। जिसके कारण अधिकांश जिलों में 25 नवंबर को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान पलवल में सबसे अधिक 24 डिग्री सेल्सियस तथा कैथल में सबसे कम 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा में कई जिलों में घना कोहरा:दिल्ली-जम्मू हाईवे पर विजिबिलिटी जीरो, रेंग-रेंग कर चल रहे वाहन; 30 दिसंबर तक चलेगी शीतलहर
