हरियाणा के हिसार कोर्ट से आज फिर एक और बदमाश फरार हो गया। मगर कोर्ट सुरक्षा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान सिवानी निवासी राहुल उर्फ बंटी के रूप में हुई है। पुलिस ने राहुल को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि राहुल पर आजाद नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैमरी रोड पर एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में आरोपी है। आज इस मामले में राहुल की कोर्ट में पेशी थी। ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट सचिन सिंघल की कोर्ट में आरोपी को पेश होना था। हिरासत में लेकर पूछताछ को ले गए थे जैसे ही राहुल कोर्ट में पहुंचा तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और कोर्ट चौकी में पूछताछ के लिए ले आए। इसी दौरान चकमा देकर आरोपी राहुल फरार हो गया। राहुल कोर्ट की तरफ ही भागने लगा। इसी दौरान कोर्ट सुरक्षा पुलिस अलर्ट हो गई। मौके पर मौजूद बालसमंद चौकी से एएसआई रविंद्र ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी को पकड़कर दोबारा कोर्ट में पेश किया गया है। आजाद नगर थाने में दर्ज हुआ था केस
स्थानीय अदालत ने मारपीट, घर में घुसकर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपी राहुल और अनुज के खिलाफ आरोप तय कर दिए थे। ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट सचिन सिंघल की अदालत ने मामले इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 23 दिसंबर की तारीख तय की थी, जिसमें शिकायतकर्ता और जांच अधिकारी को गवाही के लिए समन जारी किए गए थे। दरअसल, 6 अप्रैल 2019 को आजाद नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैमरी रोड पर एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट की गई थी। आरोप था कि पति के कथित अवैध संबंधों का विरोध करने पर दो महिलाओं ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पीड़िता पर लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद महिलाओं और दो अन्य युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। हिसार में 4 दिन में दूसरी घटना
हिसार में जिला कोर्ट से 4 दिन में दूसरी बार ऐसी घटना हुई है। 4 दिन पहले शुक्रवार को चोरी के आरोप में पेश करने लाए आरोपी गैबीपुर निवासी विशाल फिल्म स्टाइल में कोर्ट की छत से कूदकर और फिर 12 फीट ऊंची दीवार से छलांग लगाकर फरार हो गया था। इसके बाद फरार आरोपी के पीछे कई टीमें पुलिस ने लगा दी थी। आरोपी को जींद के नरवाना पुलिस स्टेशन से पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया था।
हिसार कोर्ट से पुलिस को चकमा देकर फिर भागा अपराधी:मारपीट केस में कोर्ट से पीओ घोषित था; सरेंडर करने आया, कोर्ट सुरक्षा ने पकड़ा
