भिवानी में पुलिस ने हनी ट्रैप में फंसाकर 5 लाख ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह में शामिल दो महिला और दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी मुख्यालय महेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने हनी ट्रैप के माध्यम से एक व्यक्ति से 5 लाख की ठगी करने के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हिसार निवासी देवेंद्र ने सिटी थाना भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह ठेकेदारी का कार्य करता है। 16 अक्टूबर को उसके वॉट्सऐप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। जिसने अपना नाम प्रिया बताया। इसके बाद दोनों के बीच वॉट्सऐप पर बातचीत होने लगी। 22 अक्टूबर को शिकायतकर्ता को चरखी दादरी जाना था, लेकिन उसने प्रिया को भिवानी मिलने के लिए कहा। उसी दिन शिकायतकर्ता भिवानी बस स्टैंड पर प्रिया से मिला। प्रिया ने अपनी स्कूटी शिकायतकर्ता की गाड़ी के आगे लगाकर उसे हनुमान ढाणी स्थित एक मकान में ले गई। वीडियो वायरल करने के नाम पर 10 लाख रुपए मांगे
मकान में पहुंचने के बाद प्रिया ने पहले शिकायतकर्ता की शर्ट उतरवाई और स्वयं बाथरूम में चली गई। बाथरूम से बाहर आने पर प्रिया ने भी अपने कपड़े उतार दिए। इसी दौरान अचानक दो युवक कमरे में आ गए। जिन्होंने शिकायतकर्ता की पेंट उतरवाकर उसके साथ मारपीट की और उसकी वीडियो बना ली। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपए की मांग की। बातचीत के बाद आरोपियों ने 5 लाख रुपए में समझौता किया। इस दौरान शिकायतकर्ता से 99 हजार रुपए गूगल-पे के माध्यम से डलवाए और 2-2 लाख रुपए के दो चेक भी लिए गए। इसके बाद भी आरोपियों ने 24 अक्टूबर को दोबारा फोन कर और रुपए की मांग की। सिटी थाना में दर्ज थी एफआईआर
भिवानी पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने सीआईए स्टाफ 2 इंचार्ज उप निरीक्षक विशेष कुमार और जैन चौक पुलिस चौकी इंचार्ज मनीष कुमार को टीमों का गठन करके अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। वहीं शिकायत के आधार पर थाना शहर भिवानी में केस धारा 308(2), 308(7) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया था। सीआईए स्टाफ द्वितीय एवं थाना शहर भिवानी पुलिस की संयुक्त टीम ने चारों आरोपियों को भिवानी से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए आरोपी
1. चरखी दादरी के गांव जैवली निवासी करीब 35 वर्षीय संदीप
2. चरखी दादरी के गांव जैवली निवासी करीब 24 वर्षीय राहुल
3. भिवानी के हनुमान गेट निवासी करीब 32 वर्षीय सीमा
4. भिवानी के गांव मित्ताथल हाल विद्यानगर निवासी करीब 28 वर्षीय प्रिया झज्जर के व्यक्ति को भी हनी ट्रैप में फंसाकर ठगे थे 3 लाख दोनों महिला आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। पुलिस टीम ने आरोपियों से वारदात के दिन वीडियो बनाने में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। वहीं 5 हजार कैश भी बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आरोपियों ने इससे पूर्व झज्जर निवासी एक व्यक्ति को हनी ट्रैप में फंसाकर 3 लाख रुपए ऐंठे थे। वहीं रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से और भी वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। मामले में जांच जारी है।
भिवानी में हनी ट्रैप गिरोह का भंडाफोड़:युवती ने सोशल मीडिया पर की दोस्ती, बुलाकर बनाई वीडियो, 5 लाख ठगे, 2 युवतियों समेत 4 गिरफ्तार
