कैथल जिले में बस स्टैंड के गेट के सामने ऑटो स्टैंड की तरफ एक तख्त पर करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का शव पाया गया। शव मिलने से आसपास में सनसनी फैल गई। जैसे ही ऑटो ड्राइवरों ने शव को देखा, तो तुरंत इसकी सूचना डायल 112 की टीम व सिविल लाइन पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचा। मृतक की पहचान गांव करोड़ा के रहने वाले संजय के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि उसने कोई नशा किया हुआ था। जिसके कारण वह वहीं पर गिर गया और ठंड ज्यादा होने के कारण उसकी मौत हो गई। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो जेब से उसका मोबाइल व आधार कार्ड पाया गया, जिससे उसकी पहचान हो पाई। नशे में व्यक्ति वहीं सो गया था सिविल लाइन थाना से मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी कुलदीप कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि बस स्टैंड पर एक व्यक्ति का शव पाया गया है। उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। मृतक व्यक्ति की पहचान कर ली गई है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उसने नशा किया हुआ था, जिसके कारण वह ठंड में वहीं पर सो गया और सुबह मृत पाया गया। मृतक के परिजनों के बयान अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कैथल में बस स्टैंड के पास मिला व्यक्ति का शव:नशे में सोया, ठंड लगने से मौत; करोड़ा का रहने वाला
