हरियाणा के 12 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट:गुरुग्राम में बदला सरकारी कार्यालयों का समय; 24 से और गिरेगा तापमान

Spread the love

हरियाणा में ठंड बढ़ती जा रही हैं। प्रदेश के करीब सभी जिलों में कोहरा छाया हुआ है। इससे न केवल रात के तापमान, बल्कि दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में भी कोहरा और ठंड का डबल अटैक जारी रहेगा। वहीं गुरुग्राम में सरकारी कार्यालयों के समय में बदलाव किया गया है। पहाड़ों से मैदानी क्षेत्रों की ओर चल रही उत्तर-पश्चिमी हवा के कारण पूरे प्रदेश ने अब ठंड के आगोश में ले लिया है। भारतीय मौसम विभाग ने भी दिसंबर माह के अंतिम पखवाड़े में ठंड बढ़ने का अनुमान लगाया है। आईएमडी की ओर से 22 दिसंबर के लिए प्रदेश के 12 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जीटी रोड के साथ लगने वाले सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला के अलावा यमुनानगर, कैथल, गुरुग्राम, रोहतक, झज्जर, फरीदाबाद और नूहं मेवात जिले में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनके अलावा अन्य जिलों में भी ठंड का दौर जारी रहेगा। 24 से ठंड बढ़ने की संभावना वहीं मौसम के जानकारों की मानें तो 24 दिसंबर से पूरे प्रदेश में ठंड ज्यादा बढ़ने की संभावना है। 24 से हवाओं का रुख बदल जाएगा। जिसके बाद उत्तरी बर्फीली हवाएं चलेंगी। इससे पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ सकती है। साथ ही सूखी ठंड और पाला पड़ने की संभावना है। गुरुग्राम के सरकारी कार्यालयों का समय बदला दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण व मौसम को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने GRAP स्टेज-IV लागू कर दिया है। गुरुग्राम जिले में सरकारी कार्यालयों के समय में बदलाव किया गया है। डीसी अजय कुमार ने CAQM के आदेशों की अनुपालना में राज्य सरकार और नगर निकायों के अंतर्गत आने वाले सभी सार्वजनिक कार्यालयों के लिए स्टैगर्ड ऑफिस टाइमिंग लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य यातायात दबाव कम करना और प्रदूषण पर नियंत्रण पाना है। ये रहेगा नया समय नई समय-सारिणी के अनुसार राज्य सरकार के अधीन कार्यालय सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित होंगे। वहीं नगर निगम गुरुग्राम, नगर निगम मानेसर, नगर परिषद सोहना, पटौदी मंडी और नगर समिति फर्रुखनगर के कार्यालय सुबह 8:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक खुले रहेंगे।