बिजनौर में डंपर-कार टक्कर, चार की मौत:हरिद्वार रोड पर देर रात हुआ हादसा, सभी मृतक एक जलसे से लौट रहे थे

Spread the love

बिजनौर के नांगल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार रोड पर एक क्रेटा कार और डंपर की जोरदार टक्कर में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह दुर्घटना रविवार रात करीब 11:15 बजे जालपुर के पास हुई। बताया जा रहा है कि कार आगे चल रहे एक डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी चारों लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान कारी इकबाल (75 वर्ष) पुत्र कबीर अहमद, अशफाक (65 वर्ष) पुत्र मुशब्बर, एहतेशाम (25 वर्ष) पुत्र एहसान और सलाउद्दीन (26 वर्ष) पुत्र मुमताज के रूप में हुई है। ये सभी राहतपुर खुर्द गांव में एक दिवसीय जलसे में शामिल होकर लौट रहे थे। कारी इकबाल जलसे में प्रवचन देने आए थे, और अन्य तीन उन्हें सराय आलम स्थित उनके घर छोड़ने जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार से शवों को बाहर निकाला और उन्हें जिला मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने घटना के संबंध में कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। बताया गया है कि मृतक एहतेशाम और सलाउद्दीन गहरे दोस्त थे और इस्लामिक शिक्षा प्राप्त कर रहे थे। जबकि कारी इकबाल क्षेत्र के मशहूर आलिम यानी विद्वान थे और राहतपुर खुर्द में एक जलसे में शामिल होने के लिए आए थे और जलसे के समापन के बाद घर लौट रहे थे। वहीं जिला अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर सुहेल ने बताया कि नांगल क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में चार लोग अस्पताल लाये गए थे। सभी की मौत हो चुकी है। शवों को मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। नांगल थाना अध्यक्ष सत्येंद्र मलिक का कहना है की सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है । चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।