गुरुग्राम में सिक्योरिटी गार्डों ने मर्सिडीज पर बरसाए लाठी-डंडे:कार सवार कपल एग्जिट रास्ते से एंट्री करना चाहते थे, गार्ड के रोकने पर हंगामा

Spread the love

गुरुग्राम के सेक्टर 31 स्थित साइबर पार्क में देर रात मर्सिडीज कार सवार कपल और सिक्योरिटी गार्ड्स के बीच झगड़ा हो गया। झड़प इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों से मारपीट हुई, लाठी-डंडे चले और अंत में गार्ड्स ने कार के शीशे तोड़ दिए। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें गार्ड मर्सिडीज कार को तोड़ते नजर आ रहे हैं। मर्सिडीज कार में एक युवक और एक युवती सवार थे। वे एक्जिट गेट से एंट्री करने की कोशिश कर रहे थे। सिक्योरिटी गार्ड अंकित ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, क्योंकि पार्किंग नियमों के तहत रॉन्ग साइड से प्रवेश वर्जित है। इससे नाराज युवक ने गार्ड के साथ बहस शुरू कर दी। इसके बाद युवक ने गार्ड की पिटाई कर दी। जिसके बाद अन्य सिक्योरिटी गार्ड्स मौके पर एकत्र हो गए। दोनों तरफ से हुई मारपीट दोनों तरफ से खूब मारपीट हुई और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया गया। युवक की पहचान गांव इस्लामपुर के रहने वाले चमन डागर के रूप में हुई। इस झगड़े में चमन और और गार्ड अंकित दोनों घायल हो गए। सूचना मिलते ही झाड़सा चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। गुस्साए सिक्योरिटी गार्डों ने कार पर बरसाए लाठी डंडे पुलिस जब चमन और अंकित को अस्पताल ले गई तो, पीछे से अन्य गार्ड्स ने गुस्से में आकर मर्सिडीज कार के शीशे लाठी-डंडों से तोड़ दिए। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ गया है। देर रात तक साइबर पार्क में हंगामा होता रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही जांच अधिकारी बीरबति ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायतें दर्ज की जा रही हैं। मामले की गहन जांच चल रही है। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की मदद से सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। उनका कहना है कि मारपीट और तोड़फोड़ दोनों में शामिल लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।