हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस की ओर से नायब सैनी सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस को औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया गया है। विधानसभा स्पीकर हरविंदर कल्याण ने कांग्रेस के नोटिस को मंजूरी देते हुए इस प्रस्ताव को सदन की कार्यसूची में शामिल कर लिया है। इसके साथ ही यह तय हो गया है कि आज यानी शुक्रवार को दोपहर बाद विधानसभा में इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी। यह कदम कांग्रेस की ओर से राज्य सरकार के खिलाफ विरोध स्वरूप उठाया गया है। विपक्षी दल कांग्रेस ने वर्तमान सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर गंभीर आपत्तियां जताई हैं और उन्हें कारण बताते हुए अविश्वास प्रस्ताव रखा है। स्पीकर के द्वारा इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिए जाने के बाद एक बार फिर सत्तापक्ष और विपक्ष सदन में आमने-सामने होंगे। विधानसभा में इस प्रस्ताव पर जोरदार बहस होगी, जिसमें दोनों पक्ष अपनी-अपनी दलीलें प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद हुए मतदान के परिणाम से यह स्पष्ट हो जाएगा कि वर्तमान सरकार को विधानसभा का समर्थन प्राप्त है या नहीं। राज्य की राजनीति में यह एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है, क्योंकि अविश्वास प्रस्ताव सदन के प्रति सदस्यों के विश्वास की परीक्षा होता है। खट्टर के खिलाफ 2 बार लाई कांग्रेस अविश्वास प्रस्ताव
हरियाणा की सियासत में पहली बार अविश्वास प्रस्ताव नहीं लाया गया है बल्कि समय-समय पर विभिन्न सरकारों के खिलाफ विपक्षी दलों के द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाकर घेरा जाता रहा है। हालांकि, हरियाणा में अभी तक जिन भी सरकारों के विरुद्ध विपक्ष के द्वारा जितने भी अविश्वास प्रस्ताव लाए गए, वे सिरे नहीं चढ़े और विधानसभा के पटल पर औंधे मुंह गिर गए। इससे पहले मनोहर लाल खट्टर सरकार में दो बार कांग्रेस की ओर से सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। पहला 2021 और दूसरा 2024 में अविश्वास प्रस्ताव लेकर कांग्रेस आई थी, लेकिन दोनों बार प्रस्ताव गिर गया। वहीं सैनी सरकार में पहली बार विपक्ष की ओर से अविश्वास प्रस्ताव लाया जा रहा है। अभी हरियाणा विधानसभा का क्या है गणित… BJP सदन में पूर्ण बहुमत से
हरियाणा विधानसभा में कुछ 90 सीटें हैं। बीजेपी के पास 48 विधायक हैं, इसके अलावा बीजेपी को सदन में तीन निर्दलीयों ने भी समर्थन दिया हुआ है। जिसके बाद सरकार के पास 51 विधायकों का आंकड़ा दिख रहा है। इनमें से स्पीकर को घटा दें तब भी आंकड़ा 50 बनता है।
परंपरा के मुताबिक स्पीकर उस स्थिति में वोट करते हैं यदि ड्रॉ यानी बराबरी की स्थिति आ जाए। सदन में विश्वास प्रस्ताव के लिए सरकार को सिर्फ 46 विधायकों का ही समर्थन चाहिए। ऐसे में बीजेपी पूरे बहुमत के साथ सदन में उतरेगी। मंत्री कृष्ण पंवार स्वास्थ्य कारण से पहले दिन सदन में नहीं आए। वह डॉक्टर्स की निगरानी में हैं। कांग्रेस के पास 37 विधायक
सदन में कांग्रेस भले ही सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई है, लेकिन उसके पास इस प्रस्ताव को पास करने के लिए जरूरी बहुमत नहीं दिख रहा। अभी कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं। विपक्ष में कांग्रेस ही सबसे बड़ी पार्टी है, इंडियन नेशनल लोकदल के पास दो विधायक हैं, लेकिन वह कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेगी या नहीं इसको लेकर पार्टी की ओर से पत्ते खोले नहीं गए हैं। INLD वेट एंड वॉच की स्थिति में रहेगी
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस के सरकार के खिलाफ लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) वेट एंड वॉच की स्थिति में रहेगी। पार्टी के मीडिया सलाहकार राकेश सिहाग ने बताया कि इनेलो हरियाणा की जनता के साथ है। कांग्रेस के प्रस्ताव में यदि जनहित के मुद्दे उठाए जाएंगे तो ही वह इसका समर्थन करेगी, लेकिन यदि कांग्रेस राजनीति करेगी तो पार्टी के विधायक प्रस्ताव का विरोध करेंगे। यहां पढ़िए पहले दिन की कार्यवाही में क्या क्या हुआ… आठ विधेयक प्रस्तुत किए गए : हरियाणा विधानसभा में शीतकालीन सत्र के दौरान आठ विधेयक प्रस्तुत किए गए। प्रस्तुत किए गए विधेयकों में हरियाणा श्री माता मनसा देवी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा श्री माता शीतला देवी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा श्री माता भीमेश्वरी देवी मंदिर (आश्रम), बेरी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा अन्तर्राष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मंतरा देवी तथा श्री केदार नाथ पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2025, हरियाणा पंचायती राज (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2025 तथा हरियाणा नगर निकाय विधेयक, 2025 शामिल हैं। मंत्री के जवाब पर भड़कीं विधायक: प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने स्कूलों के भवनों की जर्जर हालत का मुद्दा उठाया। इस पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के जवाब से वह भड़क गईं। उन्होंने कहा- हमारी सरकार की बनाई बिल्डिंग में मंत्री भाजपा का झंडा लगाकर प्रोग्राम कर रहे हैं। आई एम ए विजिलेंट एमएलए (मैं एक सचेत विधायक हूं)। क्या शेम-शेम कर रहे हैं आप? मैं एक रिस्पांसिबल एमएलए हूं। मंत्री आप माफी मांगें। मृतकों को श्रृद्धांजलि दी गई: आज की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही CM सैनी ने सदन में सबसे पहले शोक संदेश पढ़े और मृतकों को श्रृद्धांजलि दी। इसके बाद विपक्ष के नेता भूपेंद्र हुड्डा और INLD के विधायक आदित्य देवीलाल चौटाला ने भी ने भी मृतकों के लिए शोक प्रकट किया। इसके बाद स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने 2 मिनट का मौन रखवाया। गुरु तेगबहादुर जी के शहीदी दिवस पर भी हुई चर्चा: इसके बाद सदन में गुरु तेगबहादुर जी के शहीदी दिवस को लेकर चर्चा हुई। इसमें CM नायब सैनी ने कहा कि हम सभी ने मिलकर गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस को मनाने का संकल्प लिया था। CM बोले- मैं कोई चर्चा नहीं करना चाहता, क्योंकि यह विषय ऐसा है कि जब भी इसकी याद आती है तो हमारे रोंगटे खड़े हो जाते हैं। इस विषय पर कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने कहा- गुरु तेगबहादुर को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए। इससे हमारी आने वाली पीढ़ी को उनके बारे में जानने का मौका मिलेगा। कांग्रेस विधायक सेतिया-मंत्री गंगवा से तीखी बहस: सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया की ओर से पानी की दिक्कत को लेकर उठाए गए मुद्दे पर कैबिनेट मंत्री रणवीर गंगवा में जमकर बहस हुई। कांग्रेस विधायक ने गंगवा को कहा कि आपकी जीरो परफार्मेंस हैं। आपसे अच्छे तो आपके विभाग के अधिकारी हैं। इस पर गंगवा ने विरोध जताया। डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्डा ने कांग्रेस विधायक की ओर से बोले गए शब्दों पर आपत्ति प्रकट की। उन्होंने कहा कि आप ऐसा नहीं कह सकते।
गंगवा ने कहा कि आप झूठे आरोप लगा रहे हैं, मैं किसी भी अधिकारी को कोई शह देकर नहीं आया। इस पर विपक्ष ने हंगामा किया। कांग्रेस विधायक तो वॉकआउट कर सदर से बाहर ही चले गए थे। ——————- ये खबर भी पढ़ें…. हरियाणा विधानसभा विंटर सेशन, कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव मंजूर:कल होगी चर्चा; कांग्रेस विधायक के BJP मंत्री को अपशब्द कहने पर हंगामा-वॉकआउट, बचाव में आए हुड्डा हरियाणा विधानसभा के विंटर सेशन का आज पहला दिन रहा, जिसमें 8 विधेयक पेश किए गए। सुबह कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से हुई। दोपहर बाद लंच के बाद स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव चर्चा के लिए स्वीकार कर लिया। स्पीकर ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया है, जिस पर कल 19 दिसंबर को दूसरी सिटिंग में चर्चा की जाएगी। (पूरी खबर पढ़ें)
हरियाणा विधानसभा विंटर सेशन का दूसरा दिन:कांग्रेस लाएगी अविश्वास प्रस्ताव; सदन में BJP पूर्ण बहुमत से ज्यादा, INLD वेट एंड वॉच की स्थिति में
