हिसार के हांसी शहर की मुल्तान कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक घर में इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटने से आग लग गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में उसकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, मुल्तान कॉलोनी निवासी नरेश (40) ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे, जब वह घर में चार्ज हो रही स्कूटी का प्लग निकाल रहे थे, तभी अचानक बैटरी में तेज धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि आग पूरे घर में तेजी से फैल गई। घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती इस हादसे में नरेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनके 12 वर्षीय बेटे साहिल, 15 वर्षीय बेटी वंदना और 35 वर्षीय पत्नी ज्योति गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए घटना की सूचना मिलते ही अनाज मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक विशेषज्ञ टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक नरेश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। घर में रखे गैस सिलेंडरों को लोगों ने निकाला मौके पर पहुंचे वार्ड पार्षद धर्मवीर मजोका ने बताया कि नरेश ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि घर में रखे दो भरे हुए गैस सिलेंडरों में से एक आग की चपेट में आ गया था, लेकिन पड़ोसियों की सूझबूझ से दोनों सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और बैटरी विस्फोट के कारणों की गहनता से पड़ताल की जाएगी।
हांसी में ई-स्कूटी की बैटरी फटने से लगी आग:व्यक्ति की मौत, पत्नी और दो बच्चे झुलसे, चार्जिंग प्लग हटाते वक्त हुआ धमाका
