हिसार जिले के नारनौंद उपमंडल के गांव मिर्चपुर निवासी 30 वर्षीय सिपाही रवि कुमार की सोमवार देर शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। रवि कुमार हरियाणा पुलिस में कार्यरत थे और वर्तमान में भिवानी में तैनात थे। यह हादसा जींद जिले के गांव गुलकनी के पास उस समय हुआ, जब वह ड्यूटी पूरी कर अपने घर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, सोमवार को रवि कुमार ड्यूटी समाप्त होने के बाद भिवानी से बस के जरिए जींद जिले के गांव गुलकनी पहुंचे। वहां से वह अपने एक दोस्त के साथ स्कूटी पर सवार होकर अपने गांव मिर्चपुर जा रहे थे। रात करीब 8 बजे गुलकनी गांव से मिर्चपुर रोड पर एक स्पीड ब्रेकर के पास स्कूटी अचानक उछल गई। संतुलन बिगड़ने से स्कूटी फिसलकर सड़क पर गिर गई। इस दौरान पीछे बैठे रवि कुमार का सिर सीधे सड़क से जा टकराया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। 2019 में हुए हरियाणा पुलिस में भर्ती हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और उनके साथी की मदद से रवि कुमार को इलाज के लिए जींद के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर टांडरी मोड़ चौकी, जींद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का मंगलवार को पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के बयान दर्ज कर मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क हादसे का है। बताया गया है कि रवि कुमार अविवाहित थे और वर्ष 2019 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वह अपने कर्तव्य के प्रति ईमानदार और अनुशासित जवान के रूप में जाने जाते थे।
ड्यूटी से लौट रहे सिपाही की एक्सीडेंट में मौत:जींद में स्कूटी फिसलने से सिर में लगी गंभीर चोट, भिवानी में था तैनात
