-युवती ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय श्रम मंत्री और महिला आयोग को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई
-रात 12 बजे जबरन त्यागपत्र लिखवाकर नौकरी से निकाला
गुरुग्राम, 14 नवंबर । टेलीपरफॉर्मेंस कंपनी की एक महिला कर्मचारी के साथ असंवेदनशीलता का मामला सामने आया है। कंपनी ने उसे आधी रात को नौकरी से निकालकर कंपनी से बाहर कर दिया। उसकी गलती इतनी थी कि वह घर में सिर्फ पांच मिनट लेट हो गई थी। इस कारण कैब चालक उसे छोड़कर चला गया। शिकायत करने पर कंपनी ने उल्टे महिला कर्मचारी के खिलाफ ही कार्रवाई कर दी।
अनामिका (परिवर्तित नाम) ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय श्रम मंत्री और राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र लिखकर कहा है कि वह असम के सिलचर निवासी हिंदी पत्रकार दंपति की बेटी है। अनामिका ने कहा कि वह गुरुग्राम के उद्योग विहार फेस-3 स्थित टेलीपरफॉर्मेंस कंपनी में काम करती है। अनामिका का आरोप है कि उसे रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान आधी रात को नौकरी से निकाल दिया।
पत्र में अनामिका ने कहा कि वह हर रोज की तरह पिछले शुक्रवार को कंपनी की ओर से भेजी जाने वाली कैब से कंपनी जा रही थी, लेकिन देवली मोड़ आने में ट्रैफिक जाम के कारण लेट हो गई। अनामिका का कहना है कि ड्राइवर ने सामान्य दिनों की तरह पहले से सूचना नहीं दी और पिकअप प्वाइंट पहुंचकर ही फोन किया। अनामिका ने कैब चालक को 5 मिनट इंतज़ार करने को कहा, लेकिन ड्राइवर बिना रुके आगे बढ़ गया। जब अनामिका ने दोबारा संपर्क किया तो ड्राइवर ने अभद्रता करते हुए उसे खानपुर आने को कहा। जोखिम उठाते हुए वह वहां पहुंची, लेकिन वहां भी कैब नहीं मिली।
अनामिका ने अपनी शिकायत में कहा है कि जब कैब चालक की अभद्रता की सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी, लेकिन अधिकारियों ने कोई सहयोग नहीं किया। अनामिका ने बताया कि ऑफिस पहुंचकर अधिकारियों को कैब चालक के बारे में लिखित शिकायत दी तो अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन भी दिया, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
पत्र में अनामिका ने आरोप लगाया है कि कंपनी के अधिकारियों ने कैब चालक के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाने की बजाए छोटी-मोटी गलतियों का हवाला देते हुए उसे ही आधी रात के समय नौकरी से निकाल दिया। अनामिका का कहना है कि सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बिना किसी पूर्व नोटिस, चेतावनी या कारण बताओ पत्र के जबरन रेज़िग्नेशन लिखवाया गया और ऑफिस से बाहर कर दिया गया। अनामिका ने कहा कि कंपनी के इस व्यवहार से उसे मानसिक सदमें में डाल दिया है।
शुक्रवार को इस बारे में उद्योग विहार थाना प्रभारी विनोद गोदारा ने बताया कि इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। उन्होंने कहा कि अगर शिकायत आती है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में संबंधित कंपनी के अधिकारियों से भी संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कंपनी में कॉल रिसीव नहीं की गई।
