गुरुग्राम: हर एसएचओ पांच मोस्ट वांटेड अपराधी को गिरफ्तार करके 20 तक रिपोर्ट भेजें: ओ.पी. सिंह

Spread the love

गुरुग्राम, 8 नवंबर । हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओ.पी. सिंह ने कहा कि पुलिस अपराधों में वांछितों को गिरफ्तार करे। प्रत्येक थाना प्रभारी (एसएचओ) पांच मोस्ट वांटेड अपराधी को गिरफ्तार करके उसकी गिरफ्तारी रिपोर्ट 20 नवम्बर तक सुनिश्चित कराएं। यह बात उन्होंने शनिवार को गुरुग्राम में पुलिस आयुक्त कार्यालय में उच्च स्तरीय महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने सभी डीसीपी को निर्देश दिए कि उनके क्षेत्र में जो अपराधी बेल पर हैं, उनकी निगरानी रखें। अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलें। किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ तत्पर कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों जैसे सीसीटीवी नेटवर्क, डेटा एनालिटिक्स, डिजिटल इंटेलिजेंस और साईबर मॉनिटरिंग का अधिकतम उपयोग करके अपराधों की त्वरित जांच और रोकथाम किया जाए। डीजीपी ने विशेष रूप से महिला सुरक्षा, सडक़ सुरक्षा और युवा वर्ग में नशे की रोकथाम पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। पुलिस महानिदेशक ने बैठक के दौरान अपराध दर, केस सॉल्विंग रेट, गंभीर अपराधों की जांच प्रगति, एवं फील्ड स्तर पर पुलिस उपस्थिति की समीक्षा की।

गुरुग्राम महानगर में शराब पीकर गाड़ी चलाने पर बोले डीजीपी..

उन्होंने गुरुग्राम और इसके आसपास दुर्घटनाओं के दो आम कारणों पर भी चर्चा की। नशे में गाड़ी चलाने को लेकर उन्होंने कहा कि पुलिस को यह स्वीकार करना होगा कि युवा आबादी वाले शहर में नाइटलाइफ और क्लबिंग आम है। जिनमें से कई अकेले हैं और परिवारों से दूर हैं। नाइटलाइफ भी जीवन का एक तरीका है। काम के बाद लोग रेस्तरां और क्लबों में जाते हैं। खासकर मिलेनियम सिटी और किसी भी महानगर में यह निवेश का केंद्र है। नशे में ड्राइविंग दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उन्होंने प्रतिष्ठानों के साथ समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति घर जाने के लिए कैब बुक करें। ग्रुप के साथ जा रहे ड्राइवर को शराब न परोसी जाए। डीजीपी ने यह भी कहा कि कुछ मामले जिनमें आर्थिक अपराधों की शिकायतें काफी लंबी होती हैं। उनकी जटिलताओं को पूरी तरह से समझने के लिए समय लगता है। खासकर जब इसको लिखने वाला 12वीं पास हो। ऐसे में हमें इस तरह अपराधों को पूरी तरह से समझने और निपटने के लिए अधिक विशिष्ट अधिकारियों की जरूरत है और हम इसे बढ़ाने पर भी काम कर रहे हैं।