कलयुगी पांडव वाले बयान पर भाजपा का मुख्यमंत्री पर पलटवार

Spread the love

राकेश जमवाल ने शनिवार काे कहा कि पांडव कभी कलयुगी नहीं हो सकते, क्योंकि वे धर्म, सत्य और राष्ट्रनिष्ठा के प्रतीक थे, जबकि कलयुगी प्रवृत्ति कांग्रेस के चरित्र में समाई हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू और कांग्रेस पार्टी पूरी तरह घबराई हुई है, क्योंकि सत्ता की जमीन खिसक चुकी है, जनता का विश्वास टूट चुका है, और अब उनके पास केवल झूठे दावे ही रह गए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने सत्ता में आने के बाद कहा था कि उनकी सरकार 97 प्रतिशत हिंदू आबादी को हराकर बनी है। राकेश जमवाल ने इसे समाज को धर्म के आधार पर बांटने की मानसिकता बताया और कहा कि यह वही कांग्रेस है जो हमेशा हिंदू विरोधी रही है और सनातन संस्कृति के खिलाफ खड़ी रही है।

राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस की नीति रही है कि जब भी उसे सत्ता में असफलता का सामना करना पड़ता है, तो वह हिंदू धर्म और सनातन आस्था पर हमला करती है। उन्होंने यह भी कहा कि सुक्खू सरकार वही मानसिकता लेकर आई है, जो धर्मनिष्ठ जनता का अपमान करने में विश्वास करती है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हिमाचल की जनता धर्म और आस्था से जुड़ी हुई है और वह ऐसे आस्थाविरोधी बयानों को कभी स्वीकार नहीं करेगी। राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस अब अपने अंत की ओर बढ़ रही है, क्योंकि जो भी शक्ति धर्म के खिलाफ खड़ी होती है, उसका अंत निश्चित होता है।