फतेहाबाद : संदिग्ध परिस्थिति में व्यक्ति की मौत, तलाशी लेने आई पुलिस टीम पर मारपीट के आरोप

Spread the love

पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरुनानकपुरा मोहल्ला निवासी 42 वर्षीय जरनैल सिंह अवैध रूप से शराब व चिट्टा बेचने का काम करता है। इस सूचना पर मंगलवार दोपहर बाद सीआईए फतेहाबाद पुलिस की दो कर्मचारी जरनैल सिंह के घर पहुंचे और तलाशी लेने लगे। पुलिस कर्मचारियों के अनुसार इसी दौरान घर पर मौजूद जरनैल सिंह की तबीयत बिगड़ गई। इस पर जब वह उसे फतेहाबाद नागरिक अस्पताल लाने लगे तो उसकी पत्नी ने उन्हें रोकने की कोशिश की। जिससे जरनैल की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। बाद में पुलिस कर्मचारी जब उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौजूद मृतक जरनैल सिंह की पत्नी मनजीत कौर ने कहा कि वह बुटीक में काम करती है। सुबह वह काम से बुटिक गई हुई थी। उसकी एक लडक़ी स्कूल गई हुई थी जबकि दो बच्चे बाहर थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उनके घर में घुसकर उसके पति के साथ मारपीट की। उसकी छाती में मुक्के मारे, जिस कारण उसकी पति की मौत हुई है।

महिला का कहना है कि पुलिस जबरदस्ती उनके घर में घुस गई और उसके पति के साथ धक्का-मुक्की की। उसका पति हार्ट का मरीज था, जोकि पुलिस की जबरदस्ती सहन नहीं कर पाया और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर पुलिस टीम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं सीआईए प्रभारी वेदप्रकाश ने मृतक के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि मृतक चिट्‌टा बेचता था। पुलिस चिट्‌ठा पकडऩे गई थी। पुलिस ने ही उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया था, जहां उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। बुधवार को शव का पोस्टमॉर्टम होगा।