अस्पताल पहुंचे परिजन ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्कूल की पानी की टंकी में कुछ जहरीली वस्तु डालने की आशंका है। जिसके चलते बच्चों को उल्टियां और दस्त होने लगे थे। समय रहते इलाज नहीं मिलता तो बड़ा हादसा हो सकता था। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार बच्चों को 24 घंटे के लिए निगरानी में रखा गया है।
मोहन जिला प्रशासन की तरफ से जारी बयान में यह बताया गया है कि खमरिया थाना के अंतर्गत घाना स्थित सेंट फ्रांसिस हाई स्कूल की जिला अस्पताल में उपचार के लिये भर्ती दोनों छात्राओं की हालत सामान्य और खतरे से बाहर है। लगभग बारह वर्ष की दोनों छात्राओं को स्कूल में पानी पीने के बाद उल्टियां होने पर दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जिला अस्पताल में उपचार के लिये लाया गया था। उन्हें अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया है और उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सीएमएचओ डॉ संजय मिश्रा ने बताया कि दोनों छात्रायें पूरी तरह होश में है और घटना के बारे में जानकारी भी दे रही हैं। पुलिस द्वारा उनके बयान दर्ज किये गये हैं। जानकारी मिलते ही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सीएमएचओ से छात्राओं के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके समुचित उपचार के निर्देश दिये।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने स्कूल परिसर से पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। वहीं खमरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
