बीते कुछ दिनों से चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के असर से लगातार बारिश और बादलों की मौजूदगी के कारण वातावरण में नमी बनी हुई थी, लेकिन जैसे ही आसमान साफ हुआ, ठंडी हवाओं ने दस्तक दे दी। सुबह के समय हल्का कोहरा और ठंडी हवा लोगों को गर्म कपड़ों की याद दिला रही है। वहीं, किसानों का कहना है कि ठंड की शुरुआत से रबी फसलों की बुवाई के लिए यह मौसम अनुकूल है।
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। शाम होते ही सड़कों पर रौनक कम दिखाई देने लगी है, जबकि सुबह-सुबह चाय की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को सर्दियों की आहट साफ महसूस होने लगी है।
