हवाले
हिसार, 1 नवंबर । जिले के नागरिक अस्पताल
में मेडिकल जांच के लिए लाया गया एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जैसे ही
पुलिस कर्मियों को उसके फरार होने का पता चला, उनके हाथ-पांव फूल गए और उन्होंने उच्चाधिकारियों
को इसकी सूचना दी। मिली जानकारी के अनुसार उकलाना क्षेत्र के गांव
दौलतपुर निवासी अनित को किसी मामले में गिरफ्तार करके नागरिक अस्पताल में मेडिकल जांच
के लिए लाया गया था। पुलिस कर्मी अपनी कागजी कार्रवाई में व्यस्त थे कि अनित अचानक
उन्हें चकमा देकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पीओ स्टाफ टीम ने आरोपी अनित को वर्ष
2017 के एक मामले में पकड़कर उकलाना पुलिस थाना के हवाले किया था। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करने की
प्रक्रिया में थी और मेडिकल परीक्षण के लिए जिले के नागरिक अस्पताल लेकर आई थी।
इसी
दौरान आरोपी अनित नागरिक अस्पताल के आपातकालीन कक्ष के सामने पुलिस को चकमा देकर फरार
हो गया। घटना के बाद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया और तुरंत इलाके में नाकाबंदी
कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अस्पताल में
लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी के फरार होने की दिशा
और मददगारों का पता लगाया जा सके। आरोपी के फरार होने की सूचना के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी
भी मौके पर पहुंचे और जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
