रणजी ट्रॉफी में बंगाल के काज़ी जुनैद सैफी बने पहले ‘इंजरी रिप्लेसमेंट’

Spread the love

ओपनर सुदीप चटर्जी को रविवार को फील्डिंग के दौरान बाएं घुटने में चोट लगी थी, जिसके चलते वे आगे खेलने में असमर्थ रहे। उनकी जगह सैफी को दूसरी पारी में नंबर तीन बल्लेबाज़ के रूप में उतारा गया।

हालांकि, बाएं हाथ के इस बल्लेबाज़ ने 11 गेंदों पर सिर्फ एक रन बनाया और सिद्धार्थ देसाई की गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच आउट हुए। पहली पारी में चटर्जी ने 12 गेंदों पर 3 रन बनाए थे।

गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस सत्र से इंजरी रिप्लेसमेंट नियम लागू किया है, जिसके तहत गंभीर रूप से घायल खिलाड़ियों की जगह समान भूमिका वाले खिलाड़ी को मैदान में उतारने की अनुमति दी गई है।

यह नियम हाल ही में समाप्त हुई दलीप ट्रॉफी में भी लागू किया गया था, जब विकेटकीपर हर्विक देसाई की जगह महाराष्ट्र के सौरभ नवले को उतारा गया था। यह भारतीय घरेलू क्रिकेट में पहली बार इंजरी सब्सटीट्यूट का उपयोग था, जबकि रणजी ट्रॉफी में यह अवसर काज़ी जुनैद सैफी को मिला।